‘2027 में टिकट मांगा तो घर बम से उड़ा देंगे’… देवबंद से BJP की पूर्व विधायक को धमकी भरा पत्र

देवबंद में भाजपा की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर को धमकी भरा पत्र मिला है. इसमें 2027 चुनाव में टिकट मांगने पर घर को बम से उड़ाने और परिवार को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है. पत्र में रंगदारी भी मांगी गई है. पुंडीर ने कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं और सच्चाई के लिए लड़ती रहेंगी.

पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर को मिला धमकी भरा पत्र (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश के देवबंद में भाजपा की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर को धमकी भरा पत्र मिला है. इसमें 2027 चुनाव में बीजेपी से टिकट मांगने पर घर को बम से उड़ाने और परिवार को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है. पत्र में 10 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई है. वहीं, पुंडीर ने कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं और सच्चाई के लिए लड़ती रहेंगी.

यह धमकी भरा पत्र पूर्व विधायक की सहारनपुर स्थित चंद्रनगर वाले आवास के पते पर स्पीड पोस्ट से भेजा गया है. धमकी भरा पत्र भेजने वाले का नाम मंगल लिखा है, जिसने खुद की जाती राजपूत लिखी है. साथ ही उसका पता श्रीगंगानगर दिया गया है. इसमें एक मोबाइल नंबर 7073909006 भी है जिसपर एक लाख रुपये गूगल पे करने को कहा गया है.

‘…नहीं तो हम आपके घर में बम गिरा देंगे’

इस धमकी भरे पत्र में लिखा है, ‘मैं गैंगस्टर हूं, शशिबाला पुंडीर जी आप 10 लाख रुपए दो नहीं तो मैं आपको गोली मार दूंगा. दूसरी बात आप लोगों की जनसुनवाई करना बंद करो नहीं तो हम आपके घर में बम गिरा देंगे. 2027 में चुनाव नहीं लड़ेंगी, देवबद से भाजपा की टिकट की मांग नहीं करोगी. 1991 से 1996 तक विधायक रहना बहुत है.’

साथ ही इसमें एक खाता संख्या 33058552870 भी है, और इस खाते में 10 लाख भेजने की धमकी दी गई है. साथ ही चेतावनी दी है कि ‘अब फैसला आपके हाथ में है नहीं तो रेप केस में तेरे लड़कों को फंसा देगे. सबसे पहले 7073909006 पर एक लाख रुपये गूगल पे करो.’

राजपूत समाज की बेटी हूं, डरने वाली नहीं

पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने धमकी भरे पत्र का मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अपना जवाब दिया है. उन्होंने खुद को राजपूत समाज की बेटी बताते हुए कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं और सच्चाई के लिए लड़ती रहेंगी.

उन्होंने लिखा कि वह हथियार लेकर नहीं चलतीं, बल्कि अकेले चलती हैं और रात-बेरात भी निकलती हैं. इस तरह की धमकियां उनके हौसले, हिम्मत और निष्पक्षता को कमजोर नहीं कर सकतीं. उन्होंने यह कहा की धमकी मिलने के बावजूद उनका रोजमर्रा का कार्यक्रम जारी रहेगा.

Follow Us