योगी कैबिनेट की बैठक आज, शिक्षक-कर्मचारियों को कैशलेस इलाज समेत 16 से ज्यादा प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

योगी कैबिनेट बैठक में आज कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है. इसमें सबसे अहम प्रस्ताव शिक्षक-कर्मचारियों को कैशलेस इलाज से जुड़े हैं. दिवाली से पहले योगी सरकार इनको बड़ी सौगात दे सकती है. इससे 10 लाख से ज्यादा शिक्षक-कर्मचारियों को फायदा मिलेगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार मंगलवार को कई अहम फैसले ले सकती है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में 16 से ज्यादा प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है. बैठक के एजेंडे में शिक्षक-कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने, अस्पतालों को PPP मॉडल पर संचालित करने, एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को आगे बढ़ाने और निवेश को प्रोत्साहन देने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं.

इसके अलावा शिक्षा, साइबर सुरक्षा, आवास और पशुधन से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जा सकता है. IIT कानपुर में साइबर सुरक्षा केंद्र की स्थापना मुख्य हैं. FDI प्रोत्साहन और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी फैसले लिए जा सकते हैं, जिससे प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी.

10 लाख शिक्षक-कर्मचारियों को मिलेगा कैशलेस इलाज

कैबिनेट बैठक का सबसे अहम प्रस्ताव प्रदेश के करीब 10 लाख शिक्षक-कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने से जुड़ा है. दिवाली से पहले योगी सरकार इनको बड़ी सौगात दे सकती है. इस योजना से संबंधित कर्मचारियों के परिवारों सहित लगभग 50 लाख लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है.

प्रस्ताव के दायरे में सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों, सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों और समग्र शिक्षा परियोजना के पात्र कर्मचारियों को शामिल करने की तैयारी है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर इन वर्गों के कर्मचारियों और उनके परिवारों को इलाज के खर्च में बड़ी राहत मिल सकती है.

चार अस्पतालों को PPP मॉडल पर चलाने की तैयारी

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश के 200 या उससे अधिक बेड वाले 4 अस्पतालों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर संचालित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जा सकता है. इसके अलावा, प्रयागराज स्थित स्वरूपरानी नेहरूअस्पताल में बेड की संख्या 1,250 से बढ़ाकर 3,000 की जा सकती है.

एक्सप्रेसवे और साइबर सुरक्षा पर भी नजर

IIT कानपुर में UP Cyber Security Operations Center (UP-COCS) स्थापित करने की तैयारी है. कैबिनेट बैठक में इसपर मुहर लग सकती है. इसका मकसद प्रदेश के संवेदनशील डेटाबेस, सरकारी पोर्टलों को साइबर हमलों या हैकिंग से बचाना है.

प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई एक्सप्रेसवे परियोजनाओं से जुड़े प्रस्ताव भी एजेंडे में हैं. फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के दो पैकेज, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली परियोजना और झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के 2 पैकेजों के लिए विकासकर्ता के चयन का प्रस्ताव है.

मैनपुरी सैनिक स्कूल के लिए मुफ्त जमीन

मैनपुरी सैनिक स्कूल के निर्माण के लिए नौनेर ग्राम सभा की 9.524 हेक्टेयर जमीन मुफ्त देने का प्रस्ताव है. वहीं, झांसी और ललितपुर में भंडारगृह के लिए राज्य भंडारण निगम को मुफ्त जमीन देने पर मुहर लग सकती है.

इसके अलावा, हाईकोर्ट के अधिकारियों के लिए आवास बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है. प्रयागराज के देवघाट-झलवा में इलाहाबाद हाईकोर्ट अधिकारियों के लिए टाइप-3 के 533 और टाइप-4 के 312 आवास बनाए जाएंगे.

निवेश, शिक्षा और पशुधन से जुड़े प्रस्ताव

वहीं, कैबिनेट बैठक में FDI, विदेशी पूंजी निवेश और फॉर्च्यून-500 से जुड़ी पात्र कंपनियों को सब्सिडी देने के प्रस्ताव पर भी मुहर लग सकती है. इसके अलावा, शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक-2021 में संशोधन, पंचायतीराज सामान्य निवास नियमावली-2026 और राज्य पशुधन मिशन का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है.

इसके अलावा,GCC नीति-2024 की उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों, स्टांप अधिनियम-1899 में संशोधन और अंतर्देशीय जलयान नियमावली-2026 को मंजूरी देने के प्रस्ताव पर भी फेसला लिया जा सकता है.

Follow Us