बच्चों के लिए रास्ता मांगा तो दर्ज हो गया मुकदमा! मिर्जापुर में सपा नेता समेत 6 पर FIR
मिर्जापुर में दशकों पुराने स्कूल रास्ते की समस्या को लेकर ग्रामवासियों और सपा नेताओं ने छात्रों के साथ प्रदर्शन किया. बेहतर पहुंच मार्ग की मांग करने पर प्रशासन से आश्वासन मिला, लेकिन अब प्रदर्शन में शामिल सपा नेता समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज हुआ है. सहायक अध्यापक की शिकायत मुकदमा हुआ है.
मिर्जापुर में स्कूल जाने के लिए रास्ते की मांग को लेकर छात्रों के साथ प्रदर्शन करना ग्रामीणों और समाजवादी पार्टी के नेताओं को भारी पड़ गया. विद्यालय के बाहर छात्रों के साथ प्रदर्शन करने पर सपा नेता समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. सहायक अध्यापक की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया है.
मामला सीटी ब्लॉक के चेरूईराम कंपोजिट विद्यालय का है. ग्रामीणों के मुताबिक, विद्यालय का निर्माण 1985 में हुआ था, लेकिन स्कूल तक पहुंचने के लिए आज तक कोई पक्का रास्ता नहीं है. बच्चों और शिक्षकों को खेतों की मेड़ से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है. बरसात के मौसम में छात्र फिसल कर गिर भी जाते हैं. स्कूल में 470 बच्चे हैं और 12 टीचर है.
7 सितंबर को स्कूल के गेट के बाहर किया प्रदर्शन
सहायक अध्यापक संजय कुमार तिवारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने देहात कोतवाली पुलिस से शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने और रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाया था. इसी के आधार पर पुलिस ने मामले में सपा नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू समेत 6 नामजद और उनके कुछ अज्ञात समर्थकों पर मुकदमा दर्ज किया है.
ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल जाने के लिए रास्ते को लेकर अभिभावक और सपा नेता 7 सितंबर को विद्यालय के गेट के बाहर छात्रों के साथ प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे. आश्वासन दिया था कि 24 घंटे के अंदर रास्ते के लिए काम शुरू हो जाएगा फिर धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया.
सपा नेता समेत इन लोगों के खिलाफ मुकदमा
प्रदर्शन के बाद अब विद्यालय के सहायक अध्यापक संजय कुमार तिवारी की तहरीर पर कौशिक कनौजिया, राम नरेश यादव, शंकर, लाल बहादुर और आरती समेत छह लोगों को नामजद किया गया है. इसके अलावा सपा नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू के समर्थकों के खिलाफ अज्ञात में भी मुकदमा दर्ज किया गया है.
देहात कोतवाली प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि सहायक अध्यापक संजय तिवारी ने आरोप लगाया है कि ग्रामवासी और सपा नेताओं ने उनके छात्रों को बाहर रोक कर गेट पर प्रदर्शन किया. इससे सरकारी काम में बाधा डाल गया और रास्ता अवरोध किया गया. इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
