‘5 लाख दो तो मिलेगा शव…’ GF ने रोका एंबुलेंस, 50 हजार लेकर करने दिया दफन; पत्नी बोली- ये तो मर्डर है

मिर्ज़ापुर में एक हैरान करने वाले मामले में मोहम्मद असलम की मौत के बाद, उनकी प्रेमिका रेशमा बेगम पर हत्या के आरोप लगे हैं. मृतक की पत्नी का कहना है कि उसने शव दफनाने के लिए 5 लाख रुपये की मांग की और 50 हजार रुपये लेकर अनुमति दी. मृतक की पत्नी पाकीजा बेगम ने इसे हत्या बताया है और शव का कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

चाकू लेकर शव को एंबुलेंस में रोकती प्रेमिका

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने पति की मौत के बाद उसकी प्रेमिका पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. बताया कि उसके पति को उसकी प्रेमिका अपने साथ ले गई थी, वहीं मौत के बाद वापस आई तो चाकू की नोक पर शव का सौदा करने लगी. इस प्रेमिका ने एंबुलेंस से शव उतारने से पहले पांच लाख रुपये की डिमांड की. बड़ी मुश्किल से 50 हजार रुपये लेकर शव को दफन करने दिया.

अब मृतक की पत्नी ने मामले को हत्या बताते हुए शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव का है. मृतक मोहम्मद असलम की पत्नी पाकीजा बेगम ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पड़ोस की रहने वाली रेशमा बेगम समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है. साथ ही कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है.

लगाए ये आरोप

पाकीजा बेगम ने अपनी शिकायत में बताया कि बीते 11 जुलाई को रेशमा बेगम अपने परिजनों के साथ उनके पति असलम को बहला-फुसलाकर और दबाव बनाकर अपने साथ हैदराबाद ले गई थी. इसके बाद असलम ने 13 और 14 जुलाई की रात अपने भतीजे से फोन पर बात भी की, लेकिन अगले ही दिन उसके मौत की सूचना आ गई. पाकीजा के मुताबिक 15 जुलाई को रेशमा बेगम एंबुलेंस से शव लेकर गांव पहुंची, लेकिन शव को एंबुलेंस से उतरने ही नहीं दिया.

चाकू की नोक पर मांगे पांच लाख

पीड़ित पत्नी के मुताबिक उसने शव के बदले में पांच लाख रुपये की मांग की. बाद में उसकी बहन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे गए और शेष 4.50 लाख रुपये बाद में देने का भरोसा दिया गया तो उसने शव को दफनाने की अनुमति दी. पाकीजा बेगम का आरोप है कि रेशमा का उनके पति के साथ कई वर्षों से संपर्क था. उसने बताया कि शव पर कई जगह चोट के निशान थे. इसके अलावा गले पर खरोंच के निशान के अलावा शरीर का रंग भी नीला पड़ा हुआ था. उसने पति को जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है.

जांच में जुटी पुलिस

विंध्याचल कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह के मुताबिक मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का है. शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतक की दो पत्नियां थीं. पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us