‘आपके घर में पड़ोसी का भूत…’ ओझा ने पढ़ाया ऐसा पाठ, युवक ने पीट-पीटकर ले ली बुजुर्ग की जान
मिर्जापुर में अंधविश्वास और ओझाओं के बहकावे में आकर एक युवक ने पड़ोसी बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी. ओझाओं ने युवक के घर में पड़ोसी का 'भूत' होने का दावा किया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मां विंध्यवासिनी की धरती मिर्जापुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक ने ओझा-सोखा और झाड़ू फूंक के प्रभाव में आकर पड़ोसी बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, फोरेंसिक टीम की मदद से घटना की जांच कराई जा रही है. यह वारदात मिर्जापुर में संतनगर थाना क्षेत्र के करौदा गांव में शनिवार की शाम का है.
पुलिस के मुताबिक करौदा गांव में रहने वाले जवाहिर कोल के घर शनिवार की रात लगभग 8 बजे दो ओझा आए थे. कुछ देर बैठने के बाद इन ओझाओं ने जवाहिर को बताया कि उसके घर में पड़ोसी का भूत है. इस बात से जवाहिर तनाव में आ गया और उसने पड़ोसी रईस कोल से बहस करने लगा. उसकी यह बहस देखते ही देखते पहले कहासुनी और फिर मारपीट में तब्दील हो गई. जवाब में रईस ने भी जवाहिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
इलाज के दौरान हुई मौत
परिजनों के मुताबिक आनन फानन में जवाहिर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि जैसे ही जवाहिर और रईस में मारपीट शुरू हुई, दोनों ओझा मौका देखकर फरार हो गए.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही संतनगर थाने के इंस्पेक्टर रमेश प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने जवाहिर के बेटे पंचदेव की तहरीर पर आरोपी पड़ोसी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. इंस्पेक्टर रमेश प्रसाद के मुताबिक आरोपी रईस कोल को अरेस्ट कर लिया गया है. पुलिस की पूछताछ में उसने वारदात की पूरी कहानी बयां की है. अब पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक इस वारदात की जड़ ओझाओं की भी तलाश कराई जा रही है.
