क्या अयोध्या में होगा महा मुकाबला? CM योगी के ‘आमने-सामने’ चैलेंज पर अखिलेश का जवाब, बोले- पवन का झोंका आएगा
सीएम योगी के चैलेंज पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने जवाब दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर साफ कर दिया कि वह खुद नहीं लड़ेंगे, बल्कि उनके युवा 'पीडीए प्रहरी' चंदा चोरों को हराएंगे.
आगामी विधानसभा चुनावों में भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या महासमर बनने जा रही है. इसी अयोध्या से दो दिन पहले सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सीएम योगी को ललकार लगाई थी. चैलेंज किया था कि यदि सीएम योगी को अपनी लोकप्रियता पर इतना ही भरोसा है तो अयोध्या कैंट सीट से चुनाव लड़कर देख लें. सीएम योगी ने भी बिना देर किए इस चैलेंज को स्वीकार कर लिया, लेकिन शर्त जोड़ दी कि अखिलेश यादव भी यहां से लड़ें और मुकाबला आमने सामने का हो.
बलरामपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने सपा सुप्रीमो को उन्हीं की भाषा में जवाब देते हुए कहा कि चेलों से क्या लड़ना. यदि दम है तो वह खुद अयोध्या से लड़ें और उनके सामने वह भी नामांकन करते हैं. इससे उन्हें अपनी लोकप्रियता का अंदाजा हो जाएगा. इसी के साथ सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा था कि माफिया के कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले हमसे क्या लड़ेंगे. सीएम योगी के इस जवाब पर अब अखिलेश यादव ने भी पलटवार किया है.
क्या बोले अखिलेश?
सीएम योगी को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर जवाब दिया है. उन्होंने लिखा है कि ‘पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा, अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है. अखिलेश यादव ने कहा कि चंदा चोरों को क्लीन चिट देनेवाले वास्तव में हिस्सेदार ही हैं. इस बार जनता इनके घमंड का पानी उतार देगी. फिर उन्होंने सीएम योगी से पूछा कि लोकसभा भूल गए क्या?
इंटरर्नल सर्वे के नाम पर बड़ा दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें अपने इंटर्नल सर्वे में ही हकीकत पता चल गई होगी. सवाल किया कि क्या उन्हें ये नहीं पता कि अयोध्या में लड़ने के लिए उन्हें कैंडिडेट्स ही नहीं मिल रहे. उन्होंने कहा कि अयोध्या जैसे पावन स्थान पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं. अखिलेश यादव ने सीएम योगी के चैलेंज पर सीधे तो नहीं कहा, लेकिन इस पोस्ट से साफ कर दिया कि वह खुद अयोध्या से नहीं लड़ने वाले. यहां तो सपा के टिकट पर पवन पांडेय ही लड़ेंगे.
