सूरत से आरोपी को पकड़ लाई पुलिस, आगरा के पास ट्रेन से कूदकर हुआ फरार; दरोगा समेत 3 पर FIR

मिर्जापुर पुलिस के कस्टडी से एक नाबालिग आरोपी ट्रेन से फरार हो गया. गुजरात के सूरत से लौटते समय आगरा के पास यह घटना हुई, जहां आरोपी चलती ट्रेन से कूद गया. इस गंभीर लापरवाही के आरोप में एक दरोगा सहित तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

मिर्जापुर पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मिर्जापुर पुलिस की कस्टडी से एक आरोपी के फरार होने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोपी नाबालिग से जुड़े मामले में फरार चल रहा था. पुलिस ने उसे गुजरात के सूरत से पकड़ा गया और ट्रेन से मिर्जापुर ला रही थी. इसी दौरान आगरा के पास चलती ट्रेन से कूदकर आरोपी फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

दरअसल, पड़री थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी को करीब एक महीने पहले आरोपी सूरज पांडेय बहला-फुसलाकर भगा ले गया था. किशोरी के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था. आरोपी की तलाश में पड़री पुलिस की टीम सूरत पहुंची. वहां से पुलिस ने आरोपी सूरज पांडेय और किशोरी को बरामद कर लिया था.

किरावली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कूदा

पुलिस टीम आरोपी और नाबालिग लड़की, दोनों को लेकर सूरत से मधुबनी एक्सप्रेस से मिर्जापुर लौट रही थी. शनिवार रात आगरा के किरावली रेलवे स्टेशन के पास आरोपी ने पुलिस को चकमा दिया और चलती ट्रेन से कूद गया. ट्रेन से कूदने के बाद वह मौके से फरार हो गया. आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही मिर्जापुर पुलिस में हड़कंप मच गया.

लापरवाही पर एक दरोगा समेत तीन FIR

सीओ सदर जटाशंकर मिश्रा ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए तीन सितंबर को दारोगा विजय शंकर यादव, कांस्टेबल नीरज कुमार और महिला कांस्टेबल गीता की टीम सूरत गई थी. वापसी के दौरान आरोपी के ट्रेन से कूदकर फरार होने के मामले में तीनों पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है. तीनों पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस अब फरार आरोपी सूरज पांडेय की तलाश में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पुलिस कस्टडी में आरोपी की सुरक्षा में किस स्तर पर चूक हुई. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us