मिर्जापुर: महिला यूट्यूबर अपहरण कांड निकला फर्जी, पुलिस को फंसाने की थी साजिश; 6 गिरफ्तार

मिर्जापुर पुलिस ने महिला यूट्यूबर के फर्जी अपहरण कांड का खुलासा किया है. यूट्यूबर सरिता सिंह पटेल ने खुद पुलिस को झूठे केस में फंसाने और ब्लैकमेल करने की साजिश रची थी. इस मामले में सरिता सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

यूट्यूबर ने पुलिस को फंसाने की साजिश रची

मिर्जापुर पुलिस ने रविवार को यूट्यूबर महिला पत्रकार अपहरण कांड का खुलासा कर दिया है. जांच में पाया गया कि पुलिस को फसाने के लिए मुख्य साजिशकर्ता महिला सरिता सिंह पटेल खुद साजिश रची थी. पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी.

ASP राजकुमार मीणा ने पुलिस लाइन मां विन्ध्वासिनी सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि चुनार की रहने वाले वाली यूट्यूबर सरिता सिंह ने अपने पति सहित पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने अपहरण की साजिश रची थी. इस मामले की जब जांच की तो पता चला की पुलिस को फसाने के लिए झूठी अपहरण की साजिश रची गई थी.

हाथ-पैर बांधा झाड़ियों में पड़ी मिली थी यूट्यूबर

दरअसल, राजगढ़ थाना क्षेत्र के गरेरी करौंदा के पास 6 मई को सरिता का हाथ, पैर और मुंह को बांधकर उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर झाड़ी में फेंक दिया गया था. बारात से लौट रहे कुछ लोगों ने झाड़ी में महिला को देख पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने एंबुलेंस को बुलाकर महिला को राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया.

पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सरिता, उसके पति और बहन, भाई, भाभी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन पर पुलिस को गुमराह करने और गलत कार्य करने के लिए दबाव बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी सरिता पटेल ने बताया कि वह कुछ लोगों को जेल भेजने के कारण नाराज थी.

पुलिस को गुमराह कर धनउगाही की थी योजना

ASP राजकुमार मीणा ने बताया कि पूछताछ में मुख्य आरोपी सरिता पटेल एक इलेक्ट्रानिक यू-ट्यूबर है, जो चुनार पुलिस द्वारा कुछ लोगों को जेल भेजने के कारण नाराज थी, विभिन्न मुकदमों में पुलिस पर गलत कार्य करने और अपने मंशा के अनुरूप कार्यवाही कराने का दबाव बना रही थी. इसके लिए उसने अपने लोगों के साथ मिलकर यह योजना बनाई थी.

Follow Us