दूर नहीं दिल्ली-मेरठ, बरेली-प्रयागराज तक आसान होगी पहुंच; गंगा एक्सप्रेस-वे लगाएगा मुरादाबाद में कारोबार को पंख

गंगा एक्सप्रेस-वे अब सिंभावली इंटरचेंज के जरिए मुरादाबाद को दिल्ली, मेरठ, प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ेगा. इससे पीतल कारोबारियों को कच्चा माल मंगाने और तैयार माल भेजने में आसानी होगी. यह एक्सप्रेस-वे परिवहन लागत और समय बचाएगा, जाम से मुक्ति दिलाएगा और शहर की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा.

गंगा एक्सप्रेसवे

मेरठ से प्रयागराज के बीच बनकर तैयार गंगा एक्सप्रेस-वे से मुरादाबाद को बड़ी उम्मीदें हैं. यूपीडा ने भी इस पीतल नगरी के कारोबारियों की सुविधा को देखते हुए हापुड़ के सिंभावली में इंटरचेंज दिया है. इस इंटरचेंज से एक तरफ मुरादाबाद तो दूसरी तरफ मेरठ, बरेली, प्रयागराज, लखनऊ और दिल्ली आदि शहर सीधे कनेक्ट होंगे. इससे मुरादाबाद के पीतल कारोबारियों को कच्चा माल मंगाने और तैयार माल की आपूर्ति के लिए एक हाई स्पीड रोड मिल जाएगा.

यूपीडा के अधिकारियों के मुताबिक गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने से मुरादाबाद से मेरठ की दूरी 20 से 25 किमी कम होगी, लेकिन मुरादाबाद से मेरठ के सफर में चार से पांच घंटे के समय की बचत होगी. बड़ी बात यह कि इस सफर में किसी तरह के जाम की नौबत नहीं आएगी. इससे न केवल माल की डिलीवरी समय पर हो सकेगी, बल्कि कारोबारियों के समय और पैसे की भी बचत होगी. ठीक इसी प्रकार सिंभावली इंटरचेंज से ही यहां के कारोबारियों की प्रयागराज, लखनऊ और बरेली के बाजारों तक पहुंच आसान हो जाएगी.

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर है इंटरचेंज

यूपीडा के अधिकारियों के मुताबिक गंगा एक्सप्रेस-वे का सिंभावली इंटरचेंज हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर है. अभी तक यह हाईवे मुरादाबाद के व्यापारियों को केवल दिल्ली से जोड़ता था, लेकिन अब लखनऊ और प्रयागराज की मंडियां भी सीधे कनेक्ट होंगी. माना जा रहा है कि यह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मुरादाबाद के ‘पीतल नगरी’ वाले गौरव को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगा.

हवाई अड्डों और बंदरगाहों तक पहुंच आसान

मुरादाबाद के पीतल कारोबारियों का मानना है कि गंगा एक्सप्रेस-वे ट्रांसपोर्टेशन की पूरी तस्वीर को बदलने वाला है. इस एक्सप्रेस-वे के माध्यम से मुरादाबाद के निर्यातकों को अपने उत्पाद, जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट समेत अन्य हवाई अड्डों, बंदरगाहों या अन्य राज्य की मंडियों तक पहुंचा सकेंगे. इससे ट्रांसपोर्टेशन की लागत और समय दोनों में कमी आएगी. इससे शहर के साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक नई ऊंचाई मिलेगी.

अभी क्या है चुनौतियां?

​मुरादाबाद के कारोबारियों का कहना है कि अभी मेरठ या प्रयागराज के बाजार में माल की सप्लाई किसी चुनौती से कम नहीं है. अभी तक गढ़ रोड और बुलंदशहर जैसे व्यस्त हाईवे के जरिए माल भेजा जाता है. चूंकि इन सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव काफी रहता है, जगह जगह जाम लगता है. ऐसे में माल की डिलीवरी में काफी वक्त और पैसा खर्च होता है. इसका सीधा असर प्रोडक्ट की कीमत पर पड़ता है. गंगा एक्सप्रेस-वे शुरू होने से कारोबारियों को इस तरह की असुविधा से मुक्ति मिल जाएगी.

Follow Us