भीषण गर्मी में बम की तरफ फटा गैस सिलेंडर, दरक गए आसपास के मकान; कहीं आप भी तो नहीं करते ये गलती?

मुरादाबाद में भीषण गर्मी के कारण गैस सिलेंडर फटने से बड़ा धमाका हुआ है. इससे आसपास के मकान दरक गए है. हादसे की वजह गैस सिलेंडर तेज धूप और AC यूनिट के पास रखा होना बताया जा रहा है. मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने सलाह दी है कि गैस सिलेंडरों को सीधी धूप और गर्मी पैदा करने वाले उपकरणों से दूर रखना चाहिए.

मुरादाबाद में सिलेंडर ब्लास्ट

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार को भीषण गर्मी थी. एसी कूलर के सहारे लोग अपने घरों में दुबके थे. इसी दौरान अचानक बहुत तेज धमाका हुआ. लगा कि कोई बड़ा बम गिरा है. आवाज करीब पांच सौ मीटर दूर तक सूनी गई. इससे इलाके में हड़कंप मच गया. लोग भागकर धमाके वाली जगह पर पहुंचे तो पता चला कि रसोई गैस का सिलेंडर फटा है. लोग यह जानकर हैरान रह गए. हर आदमी के मन में एक ही सवाल था कि इस तरह से कोई सिलेंडर कैसे फट सकता है.

घटना शहर के घनी आबादी वाले लालबाग इलाके की है. यहां तीन मंजिल के मकान की छत पर एलपीजी सिलेंडर खुले में रखा हुआ था. तेज धूप और गर्मी थी ही, इससे सिलेंडर में गैस का दबाव बढ़ा और जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया. गनीमत रही कि इस सिलेंडर की चपेट में कोई आदमी नहीं आया, लेकिन इस धमाके की वजह से आसपास के मकान दरक गए हैं. वहीं फटे हुए सिलेंडर के टुकड़े करीब 100 मीटर तक जा गिरे हैं.

मचा हड़कंप

इस घटना की सूचना से ​स्थानीय पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की. दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान की वजह से हुआ है. दरअसल, सिलेंडर धूप में रखा था और बगल में ही एयर कंडीशनर (AC) की आउटडोर यूनिट भी थी. इसकी वजह से सिलेंडर काफी गर्म हो गया. मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के मुताबिक हीट ओवरलोड होने की वजह से यह ब्लास्ट हुआ है.

ये है मामला

यह हादसा मुगलपुरा थाना इलाके की लालबाग कालोनी की है. यहां डिश केबल ऑपरेटर मोहम्मद इमरान का परिवार रहता है. इस परिवार में एक दिन पहले रात को मेहमान आए थे. इसलिए छत पर खाना बना और सिलेंडर वहीं रह गया था. सुबह लोग उठे और अपने काम में लग गए. इस बीच गर्मी बढ़ी तो ये सिलेंडर में गैस का दबाव बढ़ और ये हादसा हो गया. यह धमाका इतना तेज था कि पड़ोस में रहने वाले दीपक दिवाकर के मकान की छत पर रखी पानी की टंकी पूरी तरह नष्ट हो गई. वहीं, अन्य पड़ोसियों कलुआ, गौरव और रितिक के मकानों में दरारें आ गईं हैं.

आप भी तो नहीं करते ये गलती?

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि सीधी धूप पड़ने की वजह से इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर को हमेशा सीधी धूप और गर्मी पैदा करने वाले उपकरणों से दूर रखना चाहिए. किचन में भी सिलेंडर को ठंडे व हवादार स्थान पर ही रखना चाहिए. आम तौर पर सिलेंडर को रोज निकालना नहीं होता, ऐसे में लोग इसे स्लैब के नीचे अंदर की ओर रखते हैं और बाहर सामान से कवर कर देते है. यह स्थिति भी हादसे को न्योता देती है.

Follow Us