‘ऐसा लगता था किसी ने वशीकरण कर रखा था’… मुस्लिम लड़कियों के बुर्का पहनाने पर बोली हिंदू छात्रा
मुरादाबाद में 5 मुस्लिम छात्राओं का एक हिंदू छात्रा को बुर्का पहनाने का मामला सामने आया था. अब इस मामले पर नाबालिग हिंदू छात्रा ने एक वीडियो जारी करते हुए अपनी सहेली पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी दोस्त उससे हमेशा बुर्का पहनने को कहती थी. इसके अलावा मुझसे धर्मांतरण के लिए भी ब्रेनवाश करती थी.
मुरादाबाद के बिलारी कस्बे से हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था. इस वीडियो में 5 मुस्लिम लड़कियां एक हिंदू लड़की को जबरदस्ती बुर्का में पहनाते दिख रही हैं. सभी लड़कियां एक ही स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्र हैं और कोचिंग भी साथ ही जाती हैं.
वायरल होते हुए वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक मुस्लिम छात्रा अपने बैग से बुर्का निकालती है. फिर हिंदू लड़की को पहनाती है. बाकी छात्राएं उससे कहती हैं तुम बुर्का पहनकर तो देखो तुम बहुत खूबसूरत लगोगी. इसके साथ ही हिंदू छात्रा को बुर्का पहनाते वक्त बाकी छात्राएं गली में नजर भी रखे हुए हैं कि कोई आ न जाए. यह सारा वाकया एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया.
छात्रा के भाई ने मुस्लिम लड़कियों के खिलाफ दी शिकायत
वीडियो वायरल होने के बाद नाबालिग छात्रा के भाई ने पुलिस में पांचों मुस्लिम छात्राओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उसने मुस्लिम छात्राओं पर बहन को ब्रेनवाश करने का आरोप लगाया है. अब इस मामले में नाबालिग हिंदू छात्रा ने भी अपनी तरफ से एक वीडियो जारी किया है.
‘धर्मांतरण के लिए लिए कहती थी सहेली’
हिंदू छात्रा ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में वही है. उसने बताया कि साहू कुंज कॉलोनी की उसकी सहेली स्कूल और कोचिंग में साथ ही पढ़ती है. वह मुझसे कहती रहती थी कि बुर्का पहने तू अच्छी लगेगी. उसने मुझे जबरन बुर्का पहनाने की कोशिश की. वह मुझसे धर्मांतरण के लिए भी कहती थी.
हिंदू छात्रा ने कहा कि जिस दिन की यह घटना है उस दिन कोचिंग में छुट्टी थी. उसने मुझसे कहा तू हमसे अलग लगती है, मुस्लिम बन जा, बुर्का पहन ले अच्छी लगेगी. हमारा धर्म अच्छा है हमारे धर्म मे आ जाओ. इनमे एक लड़की मेरी फ्रेंड थी बाकी सब मेरी सहेली की दोस्त थी.
‘नॉनवेज खाने को भी कहती थीं’
छात्रा ने आगे बताया कि मेरी दोस्त अलीना ही अपने बैग मे बुर्का रखकर लाई थी. वह पहले भी बुर्का पहनने के लिए कह चुकी थी, लेकिन तब मैंने मना कर दिया था. वह हमेशा कहती थी कि तुम बुर्का पहना करो अच्छी लगोगी. अपने चारों दोस्तों से दोस्ती करने के लिए कहती थी. मुझसे नॉनवेज खाने के लिए कहती थी तो में मना करती थी. मैं मना करती तो कहतीं ग्रेवी ही खा ले.
‘लगता था वशीकरण कर रखा है’
छात्रा ने कहा कि ये घटना दिसंबर महीने की है. वे मुझे एक जगह और लेकर गईं थी. मुझे जगह का नाम याद नहीं. वेटर की जगह ये खुद ही खाना सर्व कर रही थीं. उसके बाद से मेरा दिमाग सही नहीं है. हमेशा सिर में दर्द रहता है. ये जैसा कहती हैं वैसा कर लेती थी. मेरा दिमाग कंट्रोल में नहीं रहता था वो जैसा कहती थीं मैं वैसा ही कर लेती थी. ऐसा लगता था किसी ने वशीकरण कर रखा था. मुझे अपने घर वालों का पूरा सपोर्ट है. अब मेरी उन मुस्लिम लड़कियों से कोई बातचीत नहीं है.
