नागिन बन गई, बिस्तर पर छोड़ी केंचुली… युवती ने प्रेमी संग भागने की रची ऐसी साजिश, मच गया हड़कंप

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक युवती ने प्यार के लिए नागिन बनने का नाटक रचा. घर में सांप की केंचुली छोड़ कर अपने प्रेमी संग फरार हो गई. वहीं, गांव में युवती के नागिन बनने की अफवाह फैल गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गाय. लेकिन पुलिस की जांच में यह पूरा मामला फिल्मी ड्रामा निकला.

युवती ने 'नागिन' बनने का ढोंग कर प्रेमी संग फरार हुई

उत्तर प्रदेश के औरैया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने फिल्मी अंदाज़ में ऐसा नाटक रचा कि पूरा गांव सकते में आ गया. युवती ने घर से गायब होने से पहले अपने बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी सांप की केंचुली छोड़ दी, जिससे यह अफवाह फैल गई कि वह नागिन बन गई है. मामला फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव का है.

दरअसल, फफूंद थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती अचानक घर से लापता हो गई. सुबह जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी सांप की केंचुली देख उनके होश उड़ गए. देखते ही देखते गांव में चर्चा फैल गई कि युवती किसी रहस्यमयी घटना का शिकार हो गई है, बल्कि कुछ लोगों ने तो उसे नागिन बनने तक का दावा कर दिया.

प्रेमी संग फरार होने के लिए रची फिल्मी ड्रामा

इस पूरे घटनाक्रम से गांव में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो धीरे-धीरे सच्चाई सामने आने लगी. जांच में पता चला कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवती ने जानबूझकर यह फिल्मी ड्रामा किया था, और वह चुपचाप घर से फरार हो गई.

युवती ने अपने कपड़ों में सांप की केंचुली लपेटी और बिस्तर पर रख दी, ताकि मामला रहस्यमयी लगे और किसी को उस पर शक न हो. इसके बाद वह घर से फरार हो गई. सुबह यह दृश्य देखने के बाद परिजन भी घबरा गए और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. पुलिस पहुंची तो परिजनों ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. पुलिस को खुद संज्ञान लेना पड़ा.

पुलिस युवती की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी

थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला फिल्मी ड्रामे का है. युवती का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया गया है. जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा. परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है. फिलहाल पुलिस युवती की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है, वहीं गांव में फैली नागिन बनने की अफवाह पर अब विराम लग चुका है.