बीमार महिला को पीटा, बुजुर्ग को मारी गोली; बेटी के लव मैरिज से नाराज घरवालों ने खेला खूनी खेल
मुरादाबाद में प्रेम विवाह से नाराज़ लड़की के परिवार ने दूल्हे के घर पर खूनी हमला कर दिया. इस दौरान कैंसर पीड़ित महिला से मारपीट और लकवाग्रस्त बुज़ुर्ग को गोली मारी गई. हमलावर नगदी-जेवर लूटकर नवविवाहिता को अगवा कर ले गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, यह घटना परिवारिक हिंसा और ऑनर किलिंग के प्रयास का मामला है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक एक रूह कंपाने वाली घटना हुई है. यहां डिलारी थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में एक युवक और युवती के प्रेम विवाह को लेकर खूनी संघर्ष और लूटपाट हुई. युवती के पिता और भाइयों ने युवक के घर पर बुधवार को हमला कर दिया. इस दौरान घर में जो भी मिला, उसके साथ मारपीट की और तिजारी तोड़ कर नगदी जेवर लूट लिए. इस दौरान आरोपियों ने कैंसर पीड़ित महिला के साथ मारपीट की तो लकवाग्रस्त बुजुर्ग को गोली मार दिया.
सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाली युवती सिमरन का गांव के ही अरबाज के साथ करीब पांच साल के प्रेम प्रसंग था. घर वालों के विरोध के बावजूद दोनों ने पुलिस की मौजूदगी में बीते 2 मई को निकाह किया था. इससे नाराज युवती के परिजनों ने ठीक आठ दिन बाद युवक के घर पर हमला करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया है.
शादी में गए थे परिवार के लोग
पीड़ितों ने बताया कि आरोपियों ने साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया है. हमला उस वक्त किया, जब परिवार के अधिकांश सदस्य एक शादी समारोह में गए थे. हमलावरों ने घर में तोड़-फोड़ की और सीसीटीवी कैमरे उखाड़ लिए. इस दौरान तिजोरी तोड़कर करीब 12-13 तोले सोना व मोबाइल फोन आदि लूट लिए. इस वारदात में आरोपियों ने घर में मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट की और लकवाग्रस्त बुजुर्ग को गोली मार दी.
युवती को अगवा कर ले गए आरोपी
जाते जाते आरोपी तमंचे की दम पर नवविवाहिता सिमरन को भी अगवा कर ले गए. पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने सिमरन की हत्याकर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है. पीड़ित परिवार के घर से मिले जिंदा कारतूस इस पूरी वारदात की गवाही दे रहे हैं. पीड़ित परिवार की रेहाना और गुलशन ने बताया कि हमलावरों ने घर में घुसते ही मारपीट व तोड़फोड़ शुरू कर दी. उनके शौहर और देवर को अधमरा कर दिया.
एक्शन में पुलिस
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि थाना डिलारी के मानपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. 2 मई को हुए प्रेम विवाह से लड़की के परिजन असंतुष्ट थे, जिसके चलते 11 मई की शाम को उन्होंने ससुराल पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया. एसपी देहात के मुताबिक पीड़ित परिवार की तहरीर पर 6 नामजद और 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
