UP में प्री-मानसून की दस्तक! प्रदेश में आंधी-तूफान का अलर्ट, पूर्वांचल के 11 जिलों में हो सकती है बारिश
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है, जिससे 20 से अधिक जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई है. पूर्वांचल के 11 जिलों में अगले 24 घंटों के लिए तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. वाराणसी, सोनभद्र जैसे जिलों में भारी नुकसान की खबरें हैं. हालांकि, 14 मई के बाद तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश हो रही है. बीते 24 घंटे में 20 से अधिक जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई. उन्नाव, कानपुर समेत कई जिलों में ओलावृष्टि हुई है. वहीं बनारस, सोनभद्र और प्रयागराज समेत दर्जन भर जिलों में तेज आंधी ने खूब तहस-नहस किया है. यह स्थिति एक नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बनी है. भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के अंदर 11 से अधिक जिलों में आंधी, पानी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को रायबरेली से लेकर प्रयागराज तक और सोनभद्र से लेकर गाजीपुर मऊ आदि जिलों में अचानक मौसम बदला. दिन में साफ मौसम था और अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने गांवों व कस्बों में भारी नुकसान पहुंचाया है. कई जगह तो कच्चे मकानों का छज्जा उड़ने की खबरें हैं. वहीं कुछेक स्थानों पर बिजली के पोल और पेड़ आदि गिरने की भी खबरें हैं. इन जिलों में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि भी हुई है.
11 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश में खासतौर पर पूर्वांचल के 11 जिलों में आंधी तूफान के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. आशंका जताई है कि इन जिलों में मेघगर्जन/वज्रपात और तेज झोंकेदार हवा चल सकती है. मौसम विभाग ने खासतौर पर देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच एवं आस पास के क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है.
फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 14 मई से प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा. इसके बाद तापमान में भी 3 से 5°C की वृद्धि हो सकती है. उन्होंने बताया कि इस मई में पहली बार तापमान सामान्य से ऊपर जाने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म बांदा रहा. यहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
