सर्किट हाउस में सपा विधायक के चाचा ने पढ़ी नमाज, अब दर्ज हो गई FIR; वायरल वीडियो पर गरमाई राजनीति

मुरादाबाद के सर्किट हाउस में सपा नेता के चाचा द्वारा सार्वजनिक मार्ग बाधित कर नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल हुआ था. अब इस वीडियो को लेकर हंगामा बढ़ने के बाद PWD की शिकायत पर सपा के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. VHP ने इसे वोट बैंक की राजनीति बताया है. मामले ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है.

सर्किट हाउस में नमाज पर एफआईआर

उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के राजकीय सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का मुद्दा तूल पकड़ने लगा है. सार्वजनिक रास्ते को बाधित कर नमाज़ का वीडियो वायरल होने के बाद सपा विधायक के चाचा और सपा के जिला उपाध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज कराई गई है. मामला 3 सितंबर का है, जब विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव मुरादाबाद पहुंचे थे. उनकी बैठक के दौरान पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान ने अपनी गाड़ी के पीछे खुले मार्ग पर नमाज़ पढ़ी थी.

इस घटनाक्रम का वीडियो उनके समर्थकों ने ही सोशल मीडिया पर अपलोड किया था. अब इसी वीडियो पर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है. मामला गरमाते देख वीडियो को तो डिलीट कर दिया गया, लेकिन लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रांतीय खंड के अवर अभियंता और सर्किट हाउस प्रभारी अनित कुमार ने इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दी है. इस शिकायत पर मझोला थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है.

वीएचपी ने बताया वोट की राजनीति

इस घटनाक्रम को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने करारा हमला बोला है. इसे आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सपा द्वारा अपने विशेष वोट बैंक को साधने की एक सोची-समझी कोशिश करार दिया. कहा कि सरकारी परिसरों के इस प्रकार के इस्तेमाल पर कड़े सवाल खड़े किए हैं, जबकि पुलिस प्रशासन अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है. पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई होगी.

एफआईआर में क्या है?

पीडब्ल्यूडी की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर सपा नेता हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 285 और 292 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है. इसमें बताया गया है कि 3 और 4 सितंबर को यूपी विधान परिषद के नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव के प्रवास के लिए गोमती कक्ष तथा कक्ष संख्या 03 व 08 आरक्षित थे. उनके आगमन के चलते परिसर में लोगों की भीड़ थी. उसी दौरान मुख्य मार्ग पर चार पहिया वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित किया गया. इस प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए मामले की जांच उपनिरीक्षक सौरभ कुमार को सौंपी गई है.

Follow Us