मुरादाबाद: आग के गोले में तब्दील हुआ रेस्टोरेंट, एक महिला की मौत, 8 लोग झुलसे

मुरादाबाद के एक रेस्टोरेंट में आग लगने से 1 महिला की मौत हो गई. साथ ही 5 बच्चे समेत 6 लोग झुलस गए. फिलहाल,  तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया है. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची थी.

मुरादाबाद में धू-धूकर जला रेस्टोरें

मुरादाबाद के कटघर में देर रात परी होटल एंड रेस्टोरेंट के अंदर अचानक आग लगने से भारी अफरा-तफरी मच गई. देखते-देखते आग ने इतना भयावह रूप ले लिया कि पूरा इलाका धुएं के गुबार से ढक गया. घटना की सूचना मिलते ही कटघर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई.

आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों को बुलाया गया. लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया. आग लगने के दौरान होटल और रेस्टोरेंट में मौजूद कई लोग अंदर फंसे हुए थे. पुलिस और दमकल कर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला.

एक महिला की मौत

इस हादसे में पांच बच्चे, दो महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए. इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे में एक वृद्धा, माया देवी (उम्र लगभग 70 वर्ष), की दम घुटने से मौत हो गई. मौके पर डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज और एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह पहुंचे और राहत कार्य की समीक्षा भी की. इसके अलावा अधिकारियों को झुलसे हुए लोगों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था का निर्देश दिया.

आग लगने की वजह का नहीं चल पाया पता

बताया जा रहा है कि यह चार मंजिला इमारत है. इसके निचले हिस्से में होटल और रेस्टोरेंट हैं, जबकि ऊपरी मंजिल पर होटल स्वामी का परिवार रहता है. फिलहाल, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. फायर ब्रिगेड विभाग पूरी घटना की जांच में जुट गया है. जल्द ही आग लगने की असल वजह का पता चल जाएगा. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था. कई लोगों की जान जा सकती थी. घटना के बाद आसपास के व्यापारियों व निवासियों में दहशत है.

Follow Us