पत्नी ने भतीजे संग मिलकर पति को 3 घंटे बांधकर पीटा, करंट दिए, फिर जबरन जहर पिलाया

मुरादाबाद में एक पत्नी ने अपने भतीजे, बहन और उसके बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति को पहले 3 घंटे तक पीटा. फिर उसे बिजली के झटके दिए. इसके बाद जबरन जहर खिलाकर मार डाला. इतने से मन नहीं भरा तो उसे सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया.

पत्नी ने भतीजे संग मिलकर पति को मार डाला

मुरादाबाद के मझोला थाना इलाके से एक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है,जिसने पारिवारिक विश्वास और वैवाहिक संबंधों को तार-तार कर दिया है. करीब छह साल पहले सात फेरे लेकर जिस पवित्र रिश्ता की शुरुआत हुई थी, उसका अंत एक रोंगटे खड़े कर देने वाली साजिश और हत्या के साथ हुआ है. आरोप है कि एक पत्नी ने अपने भतीजे (जो उसका प्रेमी भी था), अपनी बहन और उसके बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की बेरहमी से जान ले ली.

मझोला पुलिस की तफ्तीश में यह बात साफ हुई है कि यह वारदात किसी तात्कालिक आवेश का नतीजा नहीं थी, बल्कि इसे बेहद ठंडे दिमाग से अंजाम दिया गया है. आरोपियों ने पीड़ित को पहले बंधक बनाया था. फिर कई घंटों तक प्रताड़ित किया था. क्रूरता की हदें पार करते हुए उसे बिजली के झटके दिए गए. इतने से भी जी नहीं भरा, तो पत्नी ने प्रेमी ओर अपने साथियों के साथ मिलकर पति को जहर निगलने पर मजबूर कर दिया.

हत्या को आत्महत्या दिखाने की थी प्लानिंग

इस घिनौने अपराध को खुदकुशी का रूप देने के मकसद से शव को सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया गया ताकि हत्या एक हादसा या आत्महत्या लगे. हत्या के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. अपनों ने ही मिलकर इस रोंगटे खड़े कर देने वाले घटनाक्रम को अंजाम दिया है. पुलिस ने इस हत्या के मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है.

3 घंटे तक बांधकर पीटा, करंट दिया फिर ज़हर खिला दिया

मृतक के परिजन कुलदीप ठाकुर रोते हुए कहा कि चारों आरोपियों ने मिलकर करीब तीन घंटे तक पीड़ित पर जुल्म ढाए. उसे रस्सियों से बांधकर इस कदर पीटा गया कि उसके बदन पर गहरे जख्म बन गए और काफी खून बह गया. साजिश के तहत, हत्या को बिजली के करंट लगने से हुई मौत दिखाने के लिए उसे शॉक दिया गया. इसके बाद जबरन जहर देकर मुंह के अंदर कपड़ा ठूँस दिया गया ताकि चीख बाहर न आ सके.

पत्नी और साली ने प्रेमियों संग मिलकर रचा था कत्ल का जाल

हत्या के मामले पर मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना मझोला इलाके के देवेंद्र नामक व्यक्ति ने अपने भाई पवन की हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी. सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का मुआयना कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए थे.

सतपाल अंतिल ने आगे बताया कि गहन जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी आंचल, उसकी बहन शिखा और उनके दो साथियों अंकित और अजय ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. इन दोनों युवकों के दोनों बहनों के साथ संबंध थे. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, वारदात में शामिल चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Follow Us