गुडबाय एवरीवन, अब कोई गलती नहीं होगी… 11वीं में फेल होने पर छात्र ने उठाया खौफनाक कदम
मुजफ्फरनगर में 11वीं के एक छात्र ने परीक्षा में फेल होने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. छात्र ने सुसाइड नोट में 'गुड बाय एवरीवन' लिखा था. एसएसपी मुजफ्फरनगर ने परिजनों और छात्रों से अपील की है कि असफलता से निराश न हों, प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है.
मुजफ्फरनगर में गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 11वी कक्षा के छात्र ने परीक्षा में फेल होने के चलते फांसी के फंदे पर लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. आत्महत्या के बाद छात्र एक सुसाइड नोट भी छोड़ है. जिसमें उसने लिखा है कि ‘गुड बाय एवरीवन, अगर कोई गलती हो तो माफ करना, अब से गलती नहीं होगी.’
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित साकेत कॉलोनी की है. छात्र 11वीं कक्षा के नतीजों में फेल होने के चलते निराश होकर घर लौटा था. जिसके बाद उसने खुद को कमरे में कैद कर ये आत्मघाती कदम उठाया. परिजनों ने किसी तरह कमरे में प्रवेश कर फांसी के फंदे पर लटके छात्र को उतार का अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मुजफ्फरनगर के ग्रीन चैंबर स्कूल में पढ़ता था छात्र
इस घटना के बाद मृतक छात्रा के परिजनों पर जहां गमों का पहाड़ टूट गया, तो वहीं पुलिस का कहना है कि छात्र के परिजनों ने इस मामले में कोई भी कानून कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है. छात्र, ग्रीन चैंबर स्कूल में पढ़ता था. उसके दोस्तों ने जब उसे फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं किया, जिसके चलते जब वह घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई.
बहरहाल, इस घटना पर एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि निश्चित तौर से खेद का विषय है. दुख का विषय है. लेकिन परिजनों और बच्चों से अपील करना चाहूंगा कि जिंदगी बहुत महत्वपूर्ण है. इस प्रकार की असफलता मिल जाती है. चाहे वह एग्जाम में हो या जिंदगी में हो, कई बार सफलता नहीं मिल पाती है, लेकिन इससे निराश नहीं होना है.
सफलता पहली नहीं तो दूसरी बार जरूर मिलेगी
एसएसपी ने कहा कि सफलता पहली बार नहीं तो दूसरी बार जरूर मिलती है. हमेशा उम्मीद और आशा बनाए रखना चाहिए. अभिभावक भी और स्टूडेंट पर कमेंट न करें टीज ना करें. कोई ऐसी बात ना करें जो कि उसके दिल और दिमाग में छा जाए. जिससे वह फ्रस्ट्रेटेड होकर कोई ऐसा स्टेप ले ले. उन्होंने कहा कि प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है.
