शादी कर ली, लेकिन दावत नहीं दे रहा था दोस्त… मुजफ्फरनगर में जमकर हुआ पथराव, 5 अरेस्ट
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शादी की दावत न मिलने पर दोस्तों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दावत को लेकर झगड़ा इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने छतों से एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए, जिसमें कई लोग घायल हुए. पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां दोस्तों के बीच शादी की दावत को लेकर झगड़ा हो गया. देखते ही देखते यह झगड़ा इस कदर हिंसक हो गया कि दोनों के परिजन अपने अपने छतों पर चढ़कर एक दूसरे पर पत्थर बरसाने लगे. इस वारदात में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई हैं. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष के पांच लोगों को अरेस्ट किया है. मामला मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में नरा गांव का है.
पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले मनीष की हाल ही में शादी हुई है. शादी के बाद से ही उसका दोस्त आशु उससे दावत मांग रहा था. अब तक मनीष उसे टालता रहा, लेकिन अब उसने दावत देने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर आंसू और मनीष के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते इनका विवाद काफी बढ़ गया और इसमें दोनों के परिजन भी शामिल हो गए. फिर दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया.
वायरल हो रहा वीडियो
पुलिस के मुताबिक इस वारदात में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई हैं. इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं मौके से दोनों पक्षों के 5 लोगों को हिरासत में लेते हुए उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. यह वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाया है.
महिलाओं ने भी फेंका पत्थर
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दोनों पक्षों की महिलाएं और पुरुष अपने अपने घर की छतों पर मौजूद हैं और वहीं से एक दूसरे के ऊपर पत्थर बाजी कर रहे हैं. सीओ खतौली रूपाली राव के मुताबिक यह झगड़ा शादी की दावत को लेकर हुआ. इसमें दोनों पक्षों में मारपीट हुई है. पुलिस ने पांच लोगों को अरेस्ट करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
