राम मंदिर से जमीन के सौदों तक… अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव ने किया बड़ा ऐलान
अखिलेश यादव ने अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाने का वादा किया है. सत्ता में आने पर, वे राम मंदिर की व्यवस्था बदलाव भी लाएंगे, ताकी श्रद्धालुओं का विश्वास बहाल किया जा सके. इसके अलावा भी कई संकल्प लिया.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी अयोध्या को ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’ बनाएगी. उन्होंने राम मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, श्रद्धालुओं का विश्वास बहाल करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत करने का भी वादा किया.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए अयोध्या के संबंध में अपनी भावी योजनाएं साझा कीं. साथ ही कहा कि उनकी पार्टी अयोध्या नगरी के मान-सम्मान को बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने जमीन सौदों की जांच, बाहरी ठेकेदारों से मुक्ति और विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाओं का भी संकल्प लिया.
अयोध्या को ‘बाहरी ठेकेदारों’ से मुक्त कराएंगे
अखिलेश यादव ने दावा किया कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या राम मंदिर में चोरी की कथित घटना के कारण लगातार घट रही है, जिसका सीधा असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि ‘बाहरी ठेकेदारों’ ने अयोध्या को लूटा है. उन्होंने अयोध्या को ‘बाहरी ठेकेदारों’ से मुक्त कराने की भी वादा किया है.
उन्होंंने जमीन के सौदों की जांच कराने का वादा करते हुए कहा कि सर्किल रेट से जुड़े कथित घोटाले में शामिल भाजपा नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा. अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में कथित लूट से अर्जित संपत्तियों और धन की भी जांच कराई जाएगी. साथ ही सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए कानूनी बनाने की बात कही.
राशन व्यवस्था में तेल और घी शामिल करने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि किसी भी धर्म के आराध्य या महापुरुष का अपमान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने इसी साथ यह भी आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को संरक्षण देने वाले भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए जिम्मेदार हैं और उनके खिलाफ भी उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने वादा किया कि अयोध्या में ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जिसमें किसी गरीब महिला या बच्चे का उत्पीड़न या अपमान न हो सके. उन्होंने राशन व्यवस्था में तेल और घी शामिल करने का वादा किया. और कहा कि इससे लोगों की पोषण संबंधी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी. अखिलेश ने अयोध्या दीपोत्सव के बाद इसका एक वीडियो भी सेयर किया था.
अखिलेश 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या पहुंचेंगे
अखिलेश यादव ने अयोध्या में परंपरागत नौकायन को बढ़ावा देने की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय नाविकों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिलेगा तथा भगवान राम और निषादराज के बीच प्रगाढ़ संबंधों की परंपरा को भी मजबूती मिलेगी. साथ ही भाजपा इस संबंध को कमजोर करने का आरोप भी मढा.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती कि भगवान राम और पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के बीच ऐतिहासिक जुड़ाव को याद किया जाए. बता दें कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या पहुंचेंगे और राम मंदिर एवं हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह उनकी पहली यात्रा होगी
