ये कैसा मजाक? साथी कर्मचारी के प्राइवेट पार्ट में लगा दिया कंप्रेशर पाइप, फट गईं आंतें; 2 अरेस्ट
ग्रेटर नोएडा में एक निजी कंपनी में भयावह घटना हुई है. एक कर्मचारी ने साथी के प्राइवेट पार्ट में कंप्रेसर से हवा भर दी, जिससे उसकी आंतें फट गईं और हालत गंभीर है. यह घटना शराब पार्टी के दौरान हुई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है. पीड़ित कर्मचारी का अस्पताल में इलाज जारी है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में एक निजी कंपनी में सफाई कर्मचारियों की पार्टी के दौरान खतरनाक मजाक ने गंभीर रूप ले लिया. आरोप है कि एक कर्मचारी के प्राइवेट पार्ट में कंप्रेसर पाइप लगाकर उसके किसी साथी ने ही हवा भर दी. तेज प्रेशर की वजह से इस कर्मचारी के अंदरूनी हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंचा और उसकी हालत बिगड़ गई.
आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक घटना रबूपुरा थाना क्षेत्र के सेक्टर 29 स्थित सूर्य ग्लोबल फ्लेक्सी फिल्म कंपनी का है. यहां प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए उत्तराखंड में काशीपुर के रहने वाले तीन कर्मचारियों को सफाई के लिए रखा गया था. बताया जा रहा है कि काम के दौरान कर्मचारियों शराब पार्टी हुई थी. इसी दौरान एक कर्मचारी झुककर सफाई कर रहा था. इतने में दूसरे कर्मचारी ने कंप्रेसर पाइप उसके प्राइवेट पार्ट में लगा दी.
फट गईं आंतें
तेज हवा के दबाव से पीड़ित कर्मचारी के पेट में हवा भर गई और आतें फट गई. इससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. आनन फानन में उसे जेवर के कैलाश अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टर ने आंत फटने की स्थिति में सर्जरी की जरूरत बताते हुए ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. जहां पीड़ित कर्मचारी का इलाज जारी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की.
दो कर्मचारी अरेस्ट
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी के दोनों साथियों जीशान और दिलशाद को अरेस्ट कर लिया है. रबूपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है. इस संबंध में कंपनी के मैनेजर ने तहरीर दी है. इस तहरीर के आधारपर दोनों कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. घायल कर्मचारी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है.