नोएडा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का बदलेगा नक्शा, बनेंगे चार नए लूप; पुस्ता नहीं अब सीधे नोएडा जाएगा ट्रैफिक
नोएडा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का 31 किमी लंबा नक्शा अब बदलेगा. नोएडा प्राधिकरण चार नए लूप बनाएगा, जिससे वाहन चालकों को पुश्ता की बजाय सीधा नोएडा में प्रवेश मिलेगा. 4300 करोड़ की लागत से बनने वाली यह 8 लेन परियोजना महामाया फ्लाईओवर सहित प्रमुख स्थानों को जोड़ेगी, जिससे दिल्ली-नोएडा ट्रैफिक जाम से लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
नोएडा शहर के ट्रैफिक सिस्टम सुधारने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा फैसला लिया है. इस फैसले के तहत करीब 31 किलोमीटर लंबे नोएडा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का नक्शा बदला जाएगा. अब इसमें चार नए लूप बनाए जाएंगे. इससे वाहन चालकों को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. वह एक्सप्रेस वे से सीधे अलग-अलग सेक्टर में एंट्री ले सकेंगे. नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट को लेकर बैठक की है. नए बदलाव के तहत अब एक्सप्रेस वे का एलाइनमेंट बदल जाएगा.
पहले यह ट्रैक पुश्ता की ओर प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे नोएडा की तरफ शिफ्ट कर पूरा एलिवेटेड ट्रैक बनाया जाएगा. योजना के अनुसार पहले लूप डीएनडी के पास, दूसरा लूप महामाया फ्लाईओवर के पास, तीसरा लूप विश टाउन के पास और चौथा लूप सेक्टर 150 के आसपास बनाया जाएगा. पूरा एलिवेटेड ट्रैक पुश्ता से नोएडा की तरफ रहेगा. इस प्रोजेक्ट को करीब 4300 करोड रुपए की लागत से तैयार करने की योजना है.
पिलर पर बनेगा एलिवेटेड रोड
एलिवेटेड एक्सप्रेसवे को पिलर पर बनाया जाएगा और यह कालिंदी कुंज के पास सेक्टर 94 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा की सीमा तक जाएगा. नोएडा प्राधिकरण की योजना के मुताबिक 31 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड एक्सप्रेसवे को 8 लेन बनाया जाएगा. चिल्ला एलिवेटेड रोड से जोड़ने के लिए महामाया के पास लूप और लिंक एलिवेटेड रोड भी बनाई जाएगी. इससे नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम होगा और लाखो लोगों को जाम से राहत मिलेगी.
जल्द सुलझेगा जमीनी विवाद
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार नए एलाइनमेंट में कुछ जगह जमीन से जुड़ी दिक्कतें हैं. इन्हें 31 जुलाई तक निपटने की तैयारी है. किसानों से बातचीत कर जमीन ली जाएगी या जरूरत पड़ने पर अधिग्रहण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद नोएडा ग्रेटर नोएडा और दिल्ली आने जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.