शादी-भोज के साथ ही होटल-रेस्टोरेंट में गहराता जा रहा गैस संकट, कैटर्स नहीं ले रहे बुकिंग, कारोबार ठप

देश के अन्य हिस्सों की तरह नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एलपीजी गैस का संकट गहरा गया है. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के वितरण पर अस्थाई रोक लगाने से होटल-रेस्टोरेंट जैसे कारोबार ठप होने की कगार पर हैं. वहीं, शादियों और भोज के लिए कैटरर्स ने बुकिंग लेनी बंद कर दी है.

शादी-भोज पर भी एलपीजी संकट का असर Image Credit:

दिल्ली-एनसीआर में एलपीजी और पीएनजी गैस को लेकर संकट गहराता नजर आ रहा है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के बाद कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के वितरण पर अस्थाई रोक लगा दी गई है. इस फैसले के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे एनसीआर में लाखों पीएनजी उपभोक्ता और हजारों औद्योगिक इकाइयों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है. गैस एजेंसियों और गोदाम के बाहर सिलेंडर लेने वालों की लाइन देखी जा रही है.

इजरायल, अमेरिका और इरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते ईंधन की उपलब्धता प्रभावित हुई है. खासकर एलपीजी पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है. ऐसे में मंत्रालय ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए कमर्शियल उपयोग के लिए गैस आपूर्ति पर अस्थाई रोक लगने के निर्देश जारी कर दिए है. इस निर्णय का असर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में भी साफ दिखाई देने लगा है .

एमएसएमई इकाइयां भी हो रही प्रभावित

जिले में करीब चार लाख से अधिक पीएनजी कनेक्शन धारक हैं. 35 हजार से ज्यादा एमएसएमई इकाइयां गैस पर निर्भर हैं. गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण इन इकाइयों के सामने उत्पादन जारी रखना चुनौती बन गया है. इससे जुड़े लोगों का कहना है कि पैकेजिंग फूड प्रोसेसिंग, सिलिकॉन मैन्युफैक्चरिंग और कई अन्य उद्योग गैस पर निर्भर हैं. गैस की कमी के कारण कई फैक्ट्रियों में काम धीरे-धीरे बंद होने लगा है. जहां काम चल रहा है, वहां उत्पादन कम कर दिया गया है.

होटल और रेस्टोरेंट कारोबार ठप होने की कगार पर

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी का असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है. कई रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि गैस की कमी के कारण रसोई संचालन में परेशानी हो रही है. कई प्रतिष्ठान दूसरे रेस्टोरेंट से गैस लेकर काम चला रहे हैं. कई को ब्लैक मार्केट से महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं. अगर स्थिति ऐसी ही रही तो रेस्टोरेंट और होटल कारोबार पूरी तरह से ठप हो सकता है.

सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन अलर्ट

बाजार में बढ़ती कालाबाजारी की शिकायत पर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. एडीएम वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अगवाई में जिले में चार टीमों का गठन किया है. यह टीमें गैस आपूर्ति की स्थिति और बाजार में हो रही सिलेंडर की कालाबाजारी की निगरानी कर रही है. कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि बाजार में सिलेंडर 3500 से लेकर 5000 तक में बेचा जा रहा है.

होटल संचालक चरणजीत सिंह ने बताया बड़े वितरकों के पास स्टॉक खत्म हो गया है. इसके चलते बाजार में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कालाबाजारी शुरू हो गई है. हम जैसे उपभोक्ताओं को महंगे दामों पर सिलेंडर खरीद कर काम चलाना पड़ रहा है. वहीं, प्रशासन व एडीएम वित्त अतुल कुमार का कहना है कि जिले में गैस की कालाबाजारी को रोकने के लिए टीम में लगाई गई है. फिलहाल केवल जरूरी और आपातकालीन सेवाओं जैसे अस्पताल, सरकारी संस्था, शैक्षणिक संस्थान जैसी आवश्यक सेवाओं को कमर्शियल गैस आपूर्ति की छूट दी गई है.

औद्योगिक इकाइयों के उपभोक्ताओं ने जताई चिंता

आईआईए गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने बताया कि जिले में पैकेजिंग फूड प्रोसेसिंग और अन्य कई उद्योग गैस पर निर्भर हैं. पिछले दो दिनों से कई स्थानों पर एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें मिल रही है. इसके कारण कई फैक्ट्रियां आंशिक रूप से अपने उत्पादन को कम कर रही हैं. अगर समस्या का समाधान जल्द ना हुआ तो कई इकाइयों को अपना काम बंद करना पड़ सकता है.

कैटरिंग संचालकों ने शादियों के लिए बुकिंग लेनी बंद की

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शादियों के सीजन के दौरान कैटरिंग व्यवसाय पर गैस सिलेंडर की भारी किल्लत का असर पड़ रहा. सिलेंडर की मांग अधिक होने के कारण आपूर्ति में बाधा आ रही है. कई कैटरर्स सर्विसिंग चलने वाले संचालकों ने बुकिंग लेना बंद कर दिया है तो कई कैटरिंग सर्विस वाले अब गैस सिलेंडर की जगह दूसरा उपाय तलाश रहे हैं. कई कोयले की भट्टी को चलाने का विचार बना रहे हैं.

कैटर पांडा की संचालक स्वाति सिंह ने बताया अब तक जो हमारे पास स्टॉक था वह खत्म हो चुका है. अब नया गैस सिलेंडर बुक करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पिछले तीन दिनों से हम सिलेंडर बुक करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन टोल फ्री नंबर नहीं लग पा रहा है. ऐसे में जो हमारे पास ऑलरेडी बुकिंग थी उन्हीं को जैसे तैसे करके पूरा किया जा रहा है. अब कोई एडवांस बुकिंग नहीं ली जा रही.

नोएडा के सेक्टर 135 में स्थित उत्सव कैटरर्स की संचालक गौरी नागपाल का कहना है कि जिस तरह से कोरोना कल में ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की कीमत हुई थी. अब ठीक उसी तरह युद्ध के चलते आने वाले समय में घरेलू गैस सिलेंडर और कमर्शियल गैस सिलेंडर कीमतें बढ़ेंगी. मार्केट में जो सिलेंडर 2500 का आमतौर पर मिल जाता था. वह अब 4000 से लेकर 5000 तक का मिल रहा है. ऐसे में हमें गैस सिलेंडर की कमी के चलते अपनी कई बुकिंग्स को कैंसिल करना पड़ा.

अनमेश इवेन्स्ट के संचालक पीयूष जोशी ने बताया कम मार्केट में गैस सिलेंडर की भारी कीमत के चलते शादियों के प्रोग्राम कैसिंल करने पड़ गए. बुकिंग टाइम पर हमने प्रति प्लेट, जो अमाउंट तय किए थे तो बढ़ाने पड़े. इसके चलते लोग बुकिंग कैंसिल कर रहे हैं. सभी कैटर्स संचालकों भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसका संकट हमारे यहां काम करने वाले रेगुलर कारीगर और कर्मचारी के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है.

घरेलू गैस सिलेंडर बुकिंग नियमों में भी आया बदलाव

गौतम बुद्ध नगर की जिला आपूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि व्यवसायिक तौर पर एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पर लगाई गई रोक स्थाई है. वैश्विक स्तर पर गैस आपूर्ति में आई बाधा के कारण यह निर्णय लिया गया है. सप्लाई सामान्य होते ही यह रोक हटा लिया जाएगा. इस बीत घरेलू गैस सिलेंडर बुकिंग करने के कुछ नियम भी बदल दिए गए हैं. जो बुकिंग पहले 15 दिन में की जाती थी. अब उसकी समय सीमा बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. इस दौरानहै 48 घंटे के दौरान बुकिंग किया गया सिलेंडर आपके घर मिल जाएगा.

Follow Us