नहीं थम रहा नोएडा की हाईराइज सोसाइटीज में सुसाइड का सिलसिला, अब MBA छात्रा ने 13वीं मंजिल से कूदकर दी जान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी में एक सुसाइड का मामला सामने आया है. यहां 25 वर्षीय एमबीए छात्रा ने 13वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. फिलहाल, छात्रा के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटीज में आत्महत्या के मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब यहां की गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी में 25 वर्षीय एमबीए छात्रा ने 13वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. इस घटना के बाद सोसायटी में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मृतका की पहचान शिविका ठकराल के रूप में हुई है. वह अपने परिवार के साथ गौड़ सौंदर्यम सोसायटी के शेरोन टावर में रहती थी. वह मोहाली में एमबीए की पढ़ाई कर रही थी. साथ ही एक निजी कंपनी में नौकरी भी कर रही थी. वह होली की छुट्टियों के चलते कुछ दिन पहले अपने घर ग्रेटर नोएडा वेस्ट आई हुई थी. रात को परिवार ने एक साथ मिलकर खाना खाया सब कुछ सामान्य था. परिवार के सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने के लिए चले गए, लेकिन इस दौरान उसने अपनी जिंदगी को खत्म करने का खौफनाक कदम उठा लिया.
सेक्यूरिटी गार्ड्स ने परिवार को दी सूचना
मंगलवार सुबह सोसायटी के सुरक्षा गार्ड्स ने परिवार को सूचना दी कि उनकी बेटी शिविका सोसायटी परिसर में गिरी हुई है. यह सुनते ही परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत मौके पर पहुंचे. लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी. इस घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया बड़ी संख्या में समिति के निवासी इकट्ठा हुए. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई.
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया मौके से कुछ साक्ष्य जुटाए गए है. लेकिन परिजनों की तरफ से कोई भी जानकारी पुलिस को स्पष्ट रूप से बताई नहीं गई है. पुलिस को छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल, परिजनों द्वारा किसी भी तरह की कोई शिकायत नहीं दी गई है. फिर भी पुलिस अपनी स्तर से इस मामले में गहराई से जांच कर रही है.