नोएडा में पुलिस वाले को लिफ्ट के बहाने लूटने वाले आरोपी का एनकाउंटर, प्रेमिका के परिवार पर हमला करने वाला कातिल भी गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है. लिफ्ट के बहाने पुलिस वाले को लूटने वाले गैंग को सरगना को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, एक अन्य मामले में प्रेमिका के परिवार पर चाकू से हमला कर उसकी मां को मौत के घात उतारने वाले कातिल को भी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा पुलिस दो बड़ी सफलताएं मिली हैं. सादे कपड़ों में घर लौट रहे पुलिसकर्मी को लिफ्ट देकर लूटने वाले वेगनर गैंग के सरगना को दबोचा गया तो दूसरी ओर प्रेम प्रसंग में युवती के परिवार पर चाकू से जान लेवा हमला करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया.
पुलिसकर्मी को लिफ्ट देकर लूटने वाला गैंग का भंडाफोड़
डीपी ग्रेटर नोएडा डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि 20 और 21 मई की रात सादे कपड़ों में घर लौट रहे पुलिसकर्मी को बदमाशों ने वेगनार कार में लिफ्ट देने के बहाने बिठाया था. कार में बैठते ही बदमाशों ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की. साथ ही उसके साथ लूट को अंजाम देकर फरार हो गए.
घटना के बाद दादरी पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की. सोमवार यानी 25 मई को पुलिस को सूचना मिली की गैंग का मुख्य सरगना रंजीत कुमार दादरी इलाके में घूम रहा है. पुलिस ने पेरिफेरल अंडरपास के पास बदमाश को घेर लिया. खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में रंजीत के पैर में गोली लगी.
पुलिस ने घायल अवस्था में बदमाश रंजीत गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल वेगनार कार बरामद किया गया. हालांकि, उसका एक दोस्त रात में अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. उसकी तलाश में लगातार कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है
प्रेमिका के परिवार पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
उधर नोएडा के सेक्टर 5 हरौला में प्रेम प्रसंग के चलते पूरे परिवार पर चाकू से हमला करने वाले मुख्य आरोपी हरनाम सिंह उर्फ हरिराम यादव को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस सेक्टर 15 इलाके में चेकिंग कर रही थी इसी दौरान स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन आरोपी भागने लगा.
आरोपी का पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर भी फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हरनाम युवती से शादी करना चाहता था लेकिन परिवार ने रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया था. इसी रंजिश में आरोपी ने शनिवार रात घर में घुसकर परिवार पर चाकू और धारदार हथियार से हमला कर दिया.
हमले में युवती की मां संजू देवी की मौत हो गई, जबकि पिता और बड़ी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा कारतूस वारदात में इस्तेमाल खूनी चाकू और चोरी की स्कूटी बरामद की है. दोनों मामलों में पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है.