नोएडा सेक्टर-62 में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 4 गिरफ्तार; दो के पैर में लगी गोली

नोएडा के सेक्टर-63 में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिन पर लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं.

सेक्टर-63 में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार गिरफ्तार Image Credit:

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया. चारों आरोपी लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे और फिर सुनसान रास्तों पर ले जाकर उनसे लूटपाट करते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं.

पुलिस के मुताबिक, बीती रात थाना सेक्टर-63 पुलिस की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे. पुलिस टीम ने उनका पीछा किया. बहलोलपुर अंडरपास से आगे ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई.

दो के पैर में लगी गोली, दो कॉम्बिंग में गिरफ्तार

घायल बदमाशों की पहचान दिल्ली निवासी विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू और नोएडा के बसई निवासी राजेश उर्फ ढेडा के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इनके कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इनके पास से बरामद बुलेट मोटरसाइकिल थाना फेस-3 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है.

वहीं बदमाशों के दो अन्य साथी शंकर शर्मा और कपिल कश्यप को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया. इनके कब्जे से एक-एक अवैध चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है. यह मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित बताई गई है.

विकास पर 22, राजेश 18 और शंकर पर 10 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं. ये आम लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे और फिर उनके साथ लूटपाट कर उन्हें सुनसान रास्तों पर छोड़कर फरार हो जाते थे. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विकास पर 22, राजेश पर 18 और शंकर पर 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनमें लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है.

Follow Us