पैक कराया वेज चाउमीन, निकला नॉनवेज; देवबंद के रेस्टोरेंट में हिंदू संगठनों ने काटा बवाल
उत्तर प्रदेश के देवबंद में एक रेस्टोरेंट में वेज चाउमीन की जगह अनजाने में नॉनवेज परोसने पर बड़ा बवाल हुआ. हिंदू संगठन के लोगों ने रेस्टोरेंट पहुंचकर जमकर हंगामा किया और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया. रेस्टोरेंट मालिक ने हुई गलती स्वीकार करते हुए कहा कि यह भीड़ के कारण हुई एक चूक थी.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार को एक रेस्टोरेंट में बड़ा बवाल हुआ. आरोप है कि इस रेस्टोरेंट में एक युवक ने वेज चाउमीन पैक कराया था, लेकिन जब उसने घर जाकर खोला तो पता चला कि यह नॉनवेज है. उसने रेस्टोरेंट की इस लापरवाही की जानकारी अपने मित्रों और हिंदू संगठन के लोगों को दी. इसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने रेस्टोरेंट में पहुंचकर खूब बवाल काटा. हालांकि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया है.
मामला सहारनपुर में देवबंद का है. पुलिस के मुताबिक 2 अप्रैल को यहां रहने वाला युवक उदित नगर के एक रेस्टोरेंट से वेज चाउमीन पैक कराकर अपने घर ले गया था. घर पहुंचने के बाद जब उसने पैकिंग खोली और चाउमीन खाना शुरू कर दिया. इसी दौरान उसे चाउमीन में नॉनवेज के टुकड़े दिखाई दिए. यह देखकर उसका मन खराब हो गया. उसने तुरंत खाना छोड़ दिया और मामले की जानकारी अपने मित्रों और हिंदू संगठन से जुड़े लोगों को दी.
शुक्रवार को हुआ बवाल
सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के लोग इकट्ठा होकर शुक्रवार की शाम करीब छह बजे रेस्टोरेंट पहुंच गए. वहां रेस्टोरेंट के बाहर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की. लेकिन प्रदर्शनकारी जान बूझकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे. लोगों ने रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
रेस्टोरेंट मालिक ने मानी गलती
इस बवाल पर रेस्टोरेंट संचालक मुस्तफा ने गलती मान ली है. कहा कि उनके रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज दोनों प्रकार की चाउमीन बनाई जाती है. ऑर्डर के मुताबिक इनकी पैकिंग भी होती है. उन्होंने बताया कि पीड़ित ग्राहक जब चाउमीन लेने आए थे, उस समय भीड़ काफी थी. संभवतः इसी दौरान पैकिंग में गलती से नॉनवेज चाउमीन उदित को दे दी गई. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई जान बूझकर की गई हरकत नहीं है, बल्कि अनजाने में हुई एक बड़ी चूक है.