कौन हैं DM सहारनपुर IAS मनीष बंसल? जिनका जालसाजों ने बनाया फर्जी फेसबुक प्रोफाइल, अब मांग रहे पैसा

सहारनपुर के DM IAS मनीष बंसल के नाम पर जालसाजों ने फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लोगों से पैसे मांगे हैं. जानकारी होने पर DM ने लोगों को सावधान करते हुए इस नकली प्रोफाइल को ब्लॉक और रिपोर्ट करने की अपील की है. वहीं सहारनपुर पुलिस की साइबर सेल इस मामले की जांच कर IP ट्रेस कर रही है.

डीएम सहारनपुर की फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी Image Credit:

जालसाजों ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में डीएम IAS मनीष बंसल को भी नहीं बख्सा. उनकी भी फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बना डाली और अब इस प्रोफाइल से लोगों को प्रभाव में लेकर पैसे मांगने लगे हैं. हालांकि जानकारी होने पर डीएम सहारनपुर के आधिकारिक एकाउंट से इस प्रोफाइल को नकली बताते हुए इसे ब्लॉक करने और झांसे में नहीं आने की अपील की गई है. वहीं डीएम के आदेश पर सहारनपुर पुलिस की साइबर सेल जालसाजों की पहचान में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक डीएम सहारनपुर मनीष बंसल के नाम से बने इस फर्जी अकाउंट से कई लोगों को मैसेंजर पर मैसेज भेजा गया है. इसमें लोगों को बताया कि बहुत इमरजेंसी है और कुछ पैसों की जरूरत है. आशंका है कि कुछ लोगों ने डीएम की प्रोफाइल और प्रभाव को देखते हुए पैसे भेज भी दिए हैं. हालांकि इन्हीं में से किसी यूजर ने डीएम को फोन कर इसकी जानकारी दे दी. इसके बाद डीएम ऑफिस के आधिकारिक अकाउंट से लोगों को संदेश जारी किया गया है. इसमें स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि इस एकाउंट को लोग ब्लॉक और रिपोर्ट करें. इस पोस्ट के साथ डीएम ऑफिस ने फेक अकाउंट का लिंक भी शेयर किया है.

आईपी ट्रैस करने में जुटी पुलिस

सहारनपुर पुलिस के साइबर सेल ने जिस कंप्यूटर से यह प्रोफाइल बनाई गई है, उसका IP एड्रेस ट्रैस करने की कोशिश तेज कर दी है. बताया जा रहा है कि यह अकाउंट किसी मोबाइल फोन से बनाया गया है. ऐसे में पुलिस उस मोबाइल नंबर को भी ट्रेस करने की कोशिश कर रही है. बताया जा रहा है कि यह अकाउंट उत्तर प्रदेश से बाहर किसी राज्य में बैठकर बनाया गया है. साइबर सेल के अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही पुलिस आरोपियों तक पहुंच जाएगी.

मुख्य चुनाव आयुक्त के दामाद है डीएम

डीएम सहारनपुर IAS मनीष बंसल मूल रूप से पंजाब के संगरूर के रहने वाले हैं. साल 2013 बैच के आईएएस मनीष बंसल की पत्नी मेधा रूपम भी आईएएस हैं और इस समय डीएम नोएडा हैं. आईएएस मनीष बंसल के पिता अवतार राम बंसल एक बैंक में मुख्य प्रबंधक हैं. बचपन से ही पढ़ाई में होशियार रहे मनीष बंसल ने आईआईटी दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में एमटेक की पढ़ाई करने के बाद सिविल सर्विस की ओर रूख किया. उनके ससुर देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हैं. आगरा में पैदा हुई उनकी पत्नी मेधा रूपम भी शूटिंग चैंपियन रह चुकी हैं.

Follow Us