जुमे की छुट्टी पर यमुना में नहाने गए थे 4 दोस्त, दो गहरे पानी में समाए; 7 घंटे से जारी तलाश
सहारनपुर के गंगोह में यमुना नदी में नहाते समय दो किशोर गहरे पानी में डूब गए और लापता हो गए. छह घंटे बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. SDRF और PAC की टीमें सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. इस दुखद घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और नदी किनारे भारी भीड़ जमा है.
सहारनपुर के गंगोह में जुमे की छुट्टी पर यमुना नदी में नहाने पहुंचे दो किशोर गहरे पानी में डूब गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई. करीब छह घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोई सुराग नहीं लग सका. अब SDRF और PAC मेरठ की टीम भी तलाश में जुटी है.
बताया गया कि मदरसे में पढ़ने वाले चार नाबालिग दोस्त अनस, फरदीन, जैद और उस्मान शुक्रवार को जुमे की छुट्टी पर यमुना में नहाने पहुंचे थे. नहाते समय अनस और फरदीन अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में लापता हो गए. साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
7 घंटे की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में काफी दूर तक तलाश की, लेकिन दोनों किशोरों का पता नहीं चल पाया. पुलिस के मुताबिक, नदी में पानी का बहाव तेज है. ऐसे में आशंका है कि दोनों बहाव के साथ आगे निकल गए होंगे. लगातार 6-7 घंटों से यमुना नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिनइसके बाद भी सफलता नहीं मिल सकी है.
दोनों बच्चों को ढूंढने के लिए अब एसडीआरएफ और पीएसी मेरठ की टीम को भी बुलाया गया है. टीमें नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और संभावित स्थानों पर दोनों किशोरों की तलाश की जा रही है. वही यमुना नदी के किनारे लोगो की भारी भीड़ जमा है पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं.
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
कोतवाली प्रभारी इन्द्रेश कुमार ने बताया कि दो किशोरों के यमुना में डूबने की सूचना मिली थी. स्थानीय गोताखोरों के साथ तलाश कराई गई, लेकिन अभी तक दोनों का पता नहीं चला है. यमुना में पानी का बहाव तेज है, जिससे आशंका है कि दोनों बहाव के साथ आगे निकल गए हों. नदी के तेज बहाव को देखते हुए लगातार निगरानी और तलाश की जा रही है.
वहीं, हादसे की खबर मिलते ही दोनों किशोरों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. बच्चों के लापता होने के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है.