PM श्री विद्यालय में छात्राओं को पहनाया हिजाब, कराई मजहबी प्रार्थना; वायरल वीडियो पर हुआ बड़ा एक्शन

उत्तर प्रदेश के संभल स्थित एक PM श्री विद्यालय में छात्राओं को हिजाब पहनाने और मजहबी प्रार्थना कराने का वीडियो वायरल हुआ. डीएम के निर्देश पर जांच हुई और तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया. बीएसए की तहरीर पर आरोपी शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई है. यह घटना शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई और धर्मनिरपेक्षता पर बहस का विषय बन गई है.

पीएम श्री स्कूल संभल

उत्तर प्रदेश के संभल स्थित एक PM श्री विद्यालय में छात्राओं को हिजाब पहनाने और मजहबी प्रार्थना कराने का मामला सामने आया है. इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो पर डीएम संभल ने सीडीओ को जांच के आदेश दिए हैं. वहीं इस मामले में कार्रवाई करते हुए बीएसए ने तीन शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है. बीएसए की ही तहरीर पर पुलिस ने आरोपी टीचर्स के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामला संभल जिले की ग्राम पंचायत जालब सराय स्थित पीएम श्री विद्यालय का है. बताया जा रहा है कि इस स्कूल में काफी समय से मजहबी गतिविधियां हो रही थीं. इसी क्रम में छात्राओं को ना केवल हिजाब पहनने को मजबूर किया गया, बल्कि उनसे मजहबी प्रार्थना भी कराई गई. इस घटना का वीडियो किसी ने डीएम संभल को टैग कर सोशल मीडिया में अपलोड किया था. डीएम ने भी इस वीडियो पर तत्काल एक्शन लिया और मामले की जांच के लिए सीडीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर दी.

तीन टीचर सस्पेंड

वायरल वीडियो से शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया. बीएसए ने अपने स्तर पर मामले की जांच कराई और मामले की पुष्टि होने के बाद तीन शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है. इसी के साथ बीएसए ने नखासा थाने में दो टीचर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो कुछ दिन पहले का है. उसी दिन बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने मामले की जांच कराई और जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार, टीचर मोहम्मद गुल एजाज और वालेश कुमार को सस्पेंड किया है.

इसलिए हुआ एक्शन

अधिकारियों के मुताबिक जिस समय का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है, उस समय मोहम्मद अंजार इस विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे. वहीं मोहम्मद गुल एजाज की निगरानी में इस मजहबी प्रार्थना का आयोजन किया गया था. इसलिए इन दोनों टीचर्स को सस्पेंड करते हुए इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. वहीं विद्यालय के मौजूदा प्रभारी वालेश कुमार भी उस समय स्कूल में तैनात थे. बावजूद इसके, उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित नहीं किया. इसलिए इन्हें भी सस्पेंड किया गया है.

पुलिस में दी ये तहरीर

पुलिस को दिए तहरीर में बीएसए ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2014 से ही इस विद्यालय में छात्राओं को मजहबी गतिविधियों में शामिल किया जा रहा था. वहीं छात्रों को जालीदार टोपी पहनाया जाता था. बीएसए के मुताबिक इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहम्मद अंजार अहमद और मोहम्मद गुल एजाज को सस्पेंड कर दिया गया है. लेकिन इन्होंने आपराधिक कृत्य किया है, इसलिए इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी जरूरी है. थाना प्रभारी उमेश सोलंकी के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Follow Us