यूपी में अगले 5 दिन लू का प्रचंड तांडव, इस तारीख से मिल सकती है राहत, जानें IMD ने क्या बताया
प्रदेशवासियों पर लू का कहर बढ़ने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिन राज्य के अधिकांश जिलों में भीषण लू की स्थिति है. प्रदेश के तकरीबन 60 जिले इसकी चपेट में रहेंगे. स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है. दिन में तेज धूप निकल रही है.गर्म पछुआ हवाएं चलने की वजह से धूप का असर और भी ज्यादा महसूस हो रहा है. प्रदेश में तापमान तेजी से 40 से 45 डिग्री तक पहुंच चुका है. प्रदेश के तकरीबन 40 जिलों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
आईएमडी के मुताबिक प्रदेश में गर्मी की स्थिति में और भी इजाफा होने वाला है. 24 अप्रैल को लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और गाजियाबाद सहित 50 से अधिक जिलों में लू का प्रभाव रहेगा. वहीं, 60 जिलों में भीषण लू चलने की संभावना है. 26 अप्रैल को भी प्रदेश वासियों को लू की स्थिति से राहत नहीं मिलती दिख रही है.
लू से परेशान मरीजों की संख्या बढ़ी
फिलहाल, अस्पतालों में लू से परेशान मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है. लोगों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ी है. ऐसे में लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचने के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है.
27 और 28 अप्रैल को लू से मिलेगी राहत
हालांकि, हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके चलते 27 और 28 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान लू की स्थिति से लोगों को राहत मिल सकती है. साथ ही अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है. लेकिन 29 अप्रैल से गर्मी फिर अपना रौद्र रूप दिखाएगी.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश वासी भीषण गर्मी से हलकान रहे. 44.2 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा. फिर सुल्तानपुर में 43.4, प्रयागराज में 43.2, हरदोई और झांसी में 42.5 डिग्री अधिकतम तापमान रहा. वहीं, 19 डिग्री के साथ नजीबाबाद सबसे कम तापमान वाला जिला रहा. फिर, बहराइच में 20.8, बस्ती में 21.5 और बाराबंकी में 22 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
