मुजफ्फरनगर: मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्र को गार्डों ने बेरहमी से पीटा, छात्रों का प्रदर्शन; FIR दर्ज
मुजफ्फरनगर के बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्र की बेरहमी से पीटाई की गई. बाइक पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हुआ था. इसपर कॉलेज के सभी गार्डो ने इकट्ठा होकर छात्र को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इस घटना के बाद से छात्र कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
मुजफ्फरनगर में स्थित बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार शाम एक MBBS के छात्र दीपांशु सैनी की कॉलेज के गार्डो ने उस समय बेरहमी से पिटाई कर दी जब वह अपनी बाइक से कॉलेज आया था. बाइक खड़ी करने को लेकर गार्ड और दीपांशु के बीच विवाद हो गया. इसके बाद सभी गार्ड इकट्ठा होकर दीपांशु को दौड़ा-दौड़ा कर जमकर पीटा.
इस दौरान की कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें छात्र दीपांशु को गार्ड बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस घटना में छात्र को चोटें भी आई हैं. घटना से गुसाए साथी छात्रों ने शनिवार को इकट्ठा होकर कॉलेज के गेट पर धरना प्रदर्शन कर जमकर नारेबाज़ी की. साथ ही गार्डो पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की.
अंदर ले जाकर बेल्ट और वाइपरों से भी पीटा
कॉलेज में धरना प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज किया है. साथ ही आरोपी गार्डो पर कार्रवाई करने का छात्रों को आश्वासन देकर मामले को शांत कराया. एक छात्र शुभम पाठक ने बताया कि सारे गार्ड ने मिलकर उसे बहुत मारा, बाहर भी मारा अंदर ले जाकर भी बेल्टों और वाइपर से मारा है.
छात्र का कहना है कि कॉलेज के मैनेजमेंट भी गार्ड के साथ थे, वह भी खड़े होकर देख रहे थे, उन्होंने भी कुछ नहीं किया. दीपांशु के घर वाले भी आए हुए हैं, कार्रवाई करने के लिए कह रहे हैं पर कुछ नहीं हो रहा है. इसलिए हम सब स्टूडेंट धरना दे रहे हैं कि हमारी सुनवाई की जाए. लेकिन उसके बाद भी हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.
सारे गार्ड घूसखोर, सभी पर कार्रवाई होनी चाहिए
छात्र शुभम पाठक का कहाना है कि हमारी डिमांड है सिक्योरिटी को चेंज की जाए, क्योंकि सारे गार्ड घूसखोर हैं, दारू मांगते हैं, पैसा मांगते हैं तब जाकर बच्चों को बाइक अंदर ले जाने देते हैं. साथ ही आरोपी गार्ड को सस्पेंड किया जाए उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. हमें लिखित में यह चाहिए कि आज के बाद स्टूडेंट के साथ बदतमीजी नहीं होगा.
सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि 13 फरवरी 2026 की रात थाना मन्सूरपुर अंतर्गत मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में एक छात्र के साथ मारपीट की गई थी. आज मैनेजमेंट की तरफ से सुरक्षा गार्ड के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया गया है. इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस जांच में जुटी है, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.
