यूपी के इस बैंक का लॉकर खुला तो उड़ गए सबके होश, गायब मिले गोल्ड के 96 पैकेट, 3 अधिकारियों पर FIR

फिरोजाबाद के एक बैंक से ग्राहकों के सोने के करीब 96 पैकेट तिजोरी से गायब पाए गए. शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये मूल्य के सोने के गायब होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने बैंक के 3 अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कर लिया है.

बैंक की तिजोरी से उड़ गए 96 गोल्ड पैकेट (प्रतीकात्मक तस्वीर)

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया, जो बैंकिंग व्यवस्था से लोगों का विश्वास हिला देगा. दरअससल, सिरसागंज क्षेत्र के भारौल गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में गोल्ड लोन के बदले जमा कराया गया ग्राहकों का सोना रहस्यमय तरीके से गायब हो गया है. इसकी जानकारी मिलते ही बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं के बीच हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार, बैंक में ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए सोने के करीब 96 पैकेट तिजोरी से गायब पाए गए. शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये मूल्य के सोने के गायब होने की आशंका जताई जा रही है. मामला सामने आते ही बैंक अधिकारियों और ग्राहकों के बीच चिंता का माहौल बन गया.

शाखा में तैनात एक अधिकारी कई दिनों से बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहा था. बैंक की सुरक्षा व्यवस्था के तहत गोल्ड सेफ दो अलग-अलग चाबियों से खुलता है. इनमें से एक महत्वपूर्ण चाबी उसी अधिकारी के पास थी. उसके अचानक गायब होने के बाद बैंक प्रशासन को शक हुआ.

मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक के उच्च अधिकारियों ने विशेष जांच टीम गठित कर शाखा में जांच कराई. कानूनी प्रतिनिधि और सीसीटीवी निगरानी की मौजूदगी में जब तिजोरी खोली गई तो अंदर रखे कई गोल्ड पैकेट गायब मिले. यह देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई.

बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत तीन अधिकारियों के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है.

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बैंक की सुरक्षा व्यवस्था के बीच करोड़ों रुपये का सोना कैसे गायब हो गया? क्या यह अंदरूनी मिलीभगत का मामला है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे.

सीओ सिरसागंज अनिवेश कुमार ने बताया देखिए कल सूचना प्राप्त हुई जोनल की एक ब्रांच बैंक ऑफ इंडिया की भरौल में है. थानां अरांव के अंर्तगत उनकी ब्रांच में उनके एम्प्लॉई द्वारा उनके बैंक में कुछ गोल्ड के पैकेट होते है. उनका गबन कर लिया गया है. पुलिस द्वारा त्वरित एक्शन लिया गया. तुरंत 3 एम्प्लॉई को हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. इसमें कितनी सत्यता है या विवेचना का विषय है. जल्द ही इसमें जो भी विधिक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी. इसमें दो अन्य नाम आ रहे हैं उनको भी हिरासत में लिया गया है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

Follow Us