घर के फ्रिज में बना बर्फ का ‘शिवलिंग’, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़; श्रद्धालु कर रहे हैं जलाभिषेक

आगरा के खेरिया मोड़ इलाके में एक घर के फ्रिज में जमी बर्फ की आकृति शिवलिंग जैसी दिखाई देने के बाद लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अमरनाथ यात्रा के बीच सामने आए इस घटनाक्रम को कई श्रद्धालु भगवान शिव का चमत्कार मानकर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर रहे हैं. वहीं, कुछ लोग और विशेषज्ञ इसे बर्फ जमने की प्राकृतिक प्रक्रिया का परिणाम बता रहे हैं.

घर के फ्रिज में जमी बर्फ का आकार शिवलिंग जैसा दिखाई दिया Image Credit:

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. अमरनाथ यात्रा के बीच आगरा के एक घर के फ्रिज में जमी बर्फ का आकार शिवलिंग जैसा दिखाई देने के बाद इलाके में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. लोग इसे भगवान शिव का चमत्कार मानकर पूजा-अर्चना करने पहुंच रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे प्राकृतिक प्रक्रिया का परिणाम बता रहे हैं. फिलहाल, फ्रिज में जमी बर्फ के ‘शिवलिंग’ की पूजा की जा रही है.

आगरा के खेरिया मोड़ इलाके का मामला

यह घटना आगरा के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि घर के फ्रिज के फ्रीजर में जमी बर्फ ने अचानक शिवलिंग जैसी आकृति बना ली. परिवार के लोगों ने जब इसे देखा तो इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई. जैसे ही लोगों को फ्रिज में बने बर्फ के शिवलिंग जैसी आकृति की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे.

श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक भी किया

कई लोगों ने इसे भगवान शिव का दिव्य संकेत मानते हुए पूजा-अर्चना की. कुछ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक भी किया और पूरा इलाका ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा. इस घटना के बाद लोगों के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है. दूसरे लोग इसे वैज्ञानिक दृष्टि से देख रहे हैं. उनका कहना है कि फ्रिज के भीतर तापमान, पानी के जमने की दिशा और बर्फ बनने की प्रक्रिया के कारण कई बार इस तरह की आकृतियां बन सकती हैं.

Ice Formation के कारण हुआ ऐसा?

विशेषज्ञ भी ऐसी घटनाओं को आमतौर पर प्राकृतिक बर्फ जमने (Ice Formation) का परिणाम मानते हैं. फिलहाल यह घर स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है. लगातार लोग वहां पहुंचकर बर्फ से बनी आकृति के दर्शन कर रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में इसको लेकर चर्चा का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं.

Follow Us