शादी का झांसा देकर कराया लिंग परिवर्तन, ऐंठ लिए 4 लाख रुपये और बुलेट बाइक; BF के खिलाफ थाने पहुंची किन्नर

आगरा में एक किन्नर ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर रेप करने, लिंग परिवर्तन के लिए मजबूर करने और 4 लाख रुपये व बुलेट बाइक हड़पने का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शादीशुदा होने के बावजूद पीड़िता को झांसे में लिया. पुलिस ने अब किन्नर की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक किन्नर ने अपने प्रेमी पर रेप करने, लिंग परिवर्तन के लिए मजबूर करने और उसकी कमाई से 4 लाख की नगदी और एक बुलेट बाइक हड़पने का आरोप लगाया है. पीड़ित किन्नर का आरोप है कि उसके प्रेमी ने पहले प्रेम जाल में फंसा कर रेप किया, फिर शादी का झांसा देकर लिंग परिवर्तन के लिए मजबूर किया. बाद में उसने दूरी बना ली.

यही नहीं, आरोपी ने उसके 4 लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल भी हड़प ली. पुलिस के मुताबिक आगरा में सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुरम की रहने वाली किन्नर सूरज वर्मा उर्फ आयशा ने तहरीर दी है. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित किन्नर ने अपनी तहरीर में बताया है कि वह फिलहाल बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित शीतला माता मंदिर के पास अपनी गुरु चांदनी किन्नर के साथ रह रही हैं.

आरोपी से दो साल पहले हुई मुलाकात

शिकायत के मुताबिक, करीब दो साल पहले सूरज की मुलाकात आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के लखनऊपुर निवासी त्रिवेंद्र सिंह से हुई थी. इस मुलाकात के बाद दोनों में बातचीत होने लगी. इसी दौरान आरोपी ने उसे पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिया और फिर अलग-अलग होटलों में ले जाकर रेप किया. फिर आरोपी ने शादी के लिए उसके ऊपर स्त्री किन्नर बनने का दबाव बनाया.

ऑपरेशन के बाद बदल गया रवैया

मजबूरी में उसने यह ऑपरेशन भी कराया, लेकिन इसमें उसे आर्थिक और शारीरिक तौर पर काफी क्षति हुई. इधर, ऑपरेशन कराते ही आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी. इसी दौरान पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है. ऐसे में पीड़िता ने आरोपी को दिए चार लाख रुपये और बाइक वापस मांगी तो आरोपी और उसकी पत्नी किरण ने उसके ऊपर जानलेवा हमला किया. पीड़िता का आरोप है कि वह बधाई मांग कर लाती थी तो उसे भी आरोपी छीन लेता था.

गुरु की मदद से पुलिस में दी शिकायत

पीड़िता का कहना है कि परेशान होकर वह आगरा छोड़कर बाराबंकी चली गई और अपनी गुरु चांदनी किन्नर के साथ रहने लगी. फिर उसने अपने गुरु के साथ आकर पुलिस में शिकायत दी. जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पुलिस कमिश्नर से मिलकर न्याय की गुहार लगाई. अब पुलिस कमिश्नर के आदेश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है. पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है.

Follow Us