2022 वाली गलती नहीं दोहराना चाहते अखिलेश, चाचा शिवपाल ने कार्यकर्ताओं को किया सचेत!

2027 चुनाव से पहले शिवपाल यादव ने सपा कार्यकर्ताओं को धमकी भरी बयानबाजी से बचने की सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि 'सरकार आने दो, फिर देख लेंगे' जैसे बयानों से पार्टी की छवि खराब होती है और विरोधी इसका फायदा उठा सकते हैं.

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को एक सख्त चेतावनी दी है. शिवपाल ने साफ कहा है कि पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता अगर किसी को धमकी देता है या यह कहता है कि चुनाव होने दो, सरकार आने दो, फिर देख लेंगे… तो उसे तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा.

2022 में सपा की हार के कारणों की जब समीक्षा की गई थी, तब ऐसी बयानबाजी भी अहम कारण बनकर सामने आई थी. यही वजह है कि अखिलेश के बाद अब शिवपाल अपने नेताओं को हिदायत दे रहे हैं. शिवपाल ने इसकी वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग ऐसा षड्यंत्र कर सकते हैं और बदनाम समाजवादी पार्टी होगी.

धमकी दी तो पार्टी से बाहर करने की चेतावनी

दिवाली के मौके पर सैफई पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में 2027 के चुनाव को लेकर कई निर्देश दिए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जुटने और मतदाता सूची में छूटे हुए नाम जुड़वाने की अपील की, लेकिन इसी बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह सख्त हिदायत भी दी. इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद मौजूद थे.

शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता किसी को धमकी न दे… खास तौर पर कोई यह न कहे कि चुनाव हो जाने दो, सरकार आने दो, फिर देख लेंगे… अगर कोई कार्यकर्ता ऐसा करता है तो उसे तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाएगा… इसके लिए उन्होंने जिलाध्यक्षों को भी निर्देश देने की बात कही.

2022 चुनाल में ऐसे बयानों पर घिरी थी सपा

2022 में चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश यादव ने भी सत्ता में वापसी की स्थिति में कार्रवाई और बदलाव से जुड़े बयान दिए थे. फरवरी 2022 में आगरा की एक सभा में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘गर्मी निकालने’ वाले बयान का जवाब देते हुए कहा था कि गर्मी निकले या न निकले, समाजवादी सरकार आएगी तो भर्ती निकलेगी.

इसी सभा में उन्होंने सत्ता में आने पर धमकी देने वालों के खिलाफ FIR की बात भी कही थी. अब शिवपाल यादव की मौजूदा चेतावनी को समझने के लिए 2022 चुनाव से पहले के बयानों पर नजर डालना जरूरी है. उस समय अखिलेश भी कई बार कह चुके थे कि सरकार बनने पर बीजेपी के इशारे पर काम करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.

‘कठपुतली अधिकारी कार्रवाई से नहीं बच पाएंगे’

2 जुलाई 2021 को जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान अखिलेश ने कहा था कि सपा सरकार बनने पर बीजेपी की कठपुतली बनकर पार्टी के खिलाफ कार्रवाई करने वाले दोषी अधिकारी दंडात्मक कार्रवाई से नहीं बच पाएंगे. इसके करीब दो महीने बाद 14 सितंबर 2021 को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने गरीबों के मकान गिराने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी थी.

उन्होंने कहा था कि सपा सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. अयोध्या में जिन लोगों के घर गिराए गए हैं, उनकी मदद करने की बात भी कही थी. यानी 2022 चुनाव से पहले अखिलेश यादव की तरफ से यह संदेश दिया जा रहा था कि सत्ता में वापसी हुई तो बीजेपी सरकार में कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को जवाब देना होगा.

अब्बास अंसारी का बयान बना था बड़ा चुनावी मुद्दा

लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण से ठीक पहले एक ऐसा बयान आया, जिसने समाजवादी पार्टी गठबंधन को राजनीतिक रूप से असहज कर दिया था. तारीख थी 3 मार्च 2022 और जगह थी मऊ का पहाड़पुरा मैदान. यहां मऊ सदर से सुभासपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अब्बास अंसारी ने मंच से कहा कि वह अखिलेश यादव से बात करके आए हैं.. सरकार बनने के बाद छह महीने तक किसी अधिकारी या पुलिसकर्मी की ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं होगी… जो जहां है, वहीं रहेगा… पहले हिसाब-किताब होगा, फिर ट्रांसफर होगा.

2022 में बैकफायर कर गया था ‘देख लेंगे’

सपा पर बीजेपी हमेशा से अराजकता का आरोप लगाती रही है. 2022 में सुभासपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे और मौजूदा विधायक अब्बास अंसारी ने मंच से अधिकारियों को खुली धमकी दी थी. इसके बाद सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिली थी. इसके साथ ही सपा के कई नेताओं ने दूसरी जाति के नेताओं को ‘सत्ता आने पर देख लेंगे’ की धमकी दी थी. नतीजा यह हुआ कि पार्टी सत्ता में ही न आ पाई. इसलिए शिवपाल अभी से हिदायत दे रहे हैं.

इस बार सपा नहीं देना चाहती बीजेपी को मुद्दा?

शिवपाल के बयान में सबसे अहम बात यह है कि उन्होंने सिर्फ धमकी देने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी से निकालने की चेतावनी नहीं दी, बल्कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को आपसी रंजिश में न पड़ने की सलाह दी है. 2027 के चुनाव में बीजेपी और सपा के बीच मुकाबले की राजनीतिक तैयारी अभी से चल रही है. ऐसे में सपा नेतृत्व कार्यकर्ताओं को यह संदेश देना चाहता है कि चुनावी माहौल में कोई ऐसा बयान न दिया जाए, जिससे पार्टी की छवि पर सवाल खड़े हों.

इस बार आलू बेल्ट के यादव नेताओं को खास तौर पर हिदायत दी गई है. पिछले दो विधानसभा चुनाव से सपा अपना गढ़ हार रही है. इसके पीछे गैर-यादव वोटों की लामबंदी सबसे बड़ी वजह है. चुनाव से पहले सपा के यादव नेता कुछ गलती करते हैं और बीजेपी उसको मुद्दा बनाकर गैर-यादवों को अपनी ओर लामबंद कर लेती है.

Follow Us