पैत्रिक संपत्ति बचाने के लिए DM से मिले एक्टर चंद्रचूड़ सिंह, फर्जी वसीयत बनाने का आरोप
बॉलीवुड एक्टर चंद्रचूड़ सिंह ने अलीगढ़ में अपनी पैतृक संपत्ति बचाने के लिए DM और SSP से गुहार लगाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी वसीयत बनाकर उनकी पुश्तैनी ज़मीन और हेरिटेज हवेली पर कब्ज़ा करने की कोशिश की जा रही है. यह मामला कोर्ट में लंबित है. एक्टर ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है.
उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के रहने वाले बॉलीवुड एक्टर चंद्रचूड़ सिंह एक बार फिर डीएम ऑफिस पहुंचे हैं. उन्होंने डीएम और एसएसपी से मिलकर अपनी पैत्रिक संपत्ति की रक्षा करने की गुहार लगाई है. आरोप लगाया कि किसी ने फर्जी वसीयत बनाकर उनकी पुश्तैनी जमीन और हेरिटेज हवेली पर कब्जा करने की कोशिश की है. उन्होंने डीएम और एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
छह महीने में दूसरी बार डीएम ऑफिस पहुंचे एक्टर ने कहा कि उनकी पैत्रिक संपत्ति के विवाद का मामला कोर्ट में लंबित है. दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके पूर्वजों के नाम से फर्जी वसीयत बनवा ली है और इसी के आधार पर उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने अपनी हेरिटेज हवेली पर भी कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया है.
लगाई न्याय की गुहार
बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह शनिवार को अपने भाई अभिमन्यु सिंह के साथ अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से मिलकर न्याय की गुहार लगाई. कहा कि पैतृक संपत्ति के विवाद का निस्तारण जल्द से जल्द किया जाना चाहिए. उन्होंने इस धांधली में कुछ लोकल नेताओं पर भी आरोप लगाया. कहा कि इन नेताओं की शह पर ही उनकी पुश्तैनी जमीन को खुर्द बुर्द करने की कोशिश हो रही है.
मीडिया को भी दी जानकारी
एक्टर ने जलालपुर स्थित आवास पर मीडिया से बात की. चंद्रचूड़ सिंह ने बताया कि उन्होंने कलेक्ट्रेट और एसएसपी कार्यालय में अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया है. उनका कहना है कि उनकी संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने की कोशिश हो रही है. अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं. वहीं उनके भाई अभिमन्यु सिंह ने बताया कि मामला अदालत में विचाराधीन है और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद है.
