हाय रे व्यवस्था! मोबाइल फोन फटने से जख्मी था युवक, टांके की जगह डॉक्टरों ने लगाया स्टेपलर पिन

उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलता एक मामला अलीगढ़ से सामने आया है. मोबाइल फटने से घायल हुए युवक को अतरौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टांकों की जगह स्टेपलर पिन लगाए गए. संसाधनों की कमी के कारण डॉक्टरों को यह 'जुगाड़' करना पड़ा, जो प्रदेश की लचर स्वास्थ्य सेवाओं को उजागर करता है. इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

टांके की जगह लगाया स्टेपलर पिन

उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के बुरे हाल हैं. स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक लगातार सुधार के दावे कर रहे हैं, लेकिन संसाधनों के अभाव में प्रदेश के अस्पताल जुगाड़ पर काम चला रहा है. ऐसा ही जुगाड़ का एक मामला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में देखने को मिला है. यहां 15 अगस्त, शनिवार की शाम अतरौली क्षेत्र में रामघाट रोड पर एक युवक की जेब में रखा मोबाइल फोन गरम होकर फट गया था. इस हादसे में बुरी तरह जख्मी युवक को अतरौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. जहां इलाज के नाम पर डॉक्टरों ने स्टेपलर पिन के टांके लगाए.

हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की है. पुलिस के मुताबिक अतरौली थाना क्षेत्र के गांव फजलपुर में रहने वाले सचिन पुत्र रमेश चंद्र फ्लिपकार्ट कंपनी में डिलीवरी बॉय हैं. बीते शनिवार को वह काम पर निकले थे. इसी दौरान रामघाट रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने उनकी जेब में रखा मोबाइल फोन गर्म हो गया. वह कुछ समझ पाते, इससे पहले फोन में जोरदार धमाका हुआ और उनके कपड़ों में आग लग गई. वह इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गए.

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद सचिन जमीन पर गिरकर तड़पने लगे. इससे मौके पर चीख पुकार मच गई. मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें उठाकर अतरौली सीएचसी पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. इस दौरान अस्पताल में टांके लगाने की व्यवस्था ना होने पर डॉक्टरों ने स्टेपलर पिन लगाकर खून का बहाव रोका और फिर आगे के इलाज के लिए घायल को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया.

मेडिकल कॉलेज में हुआ इलाज

जानकारी मिलने पर सीएचसी पहुंचे सचिन के परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं हैं. परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की इस हालत को लेकर आक्रोश प्रकट किया है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि स्टेपलर पिन सीएचसी में लगाई गई या मेडिकल कॉलेज में. फिलहाल उनके चेहरे पर लगे स्टेपलर पिन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

Follow Us