घास काटते वक्त युवती को खींच ले गया मगरमच्छ, जांबाज चाची ने दरांती से आंख फोड़ ऐसे बचाई भतीजी की जान
अलीगढ़ में काली नदी के पास सुमन नाम की युवती अपनी चाची के साथ मवेशियों के लिए चारा काट रही थीं. अचानक काली नदी से करीब 5 फीट लंबा मगरमच्छ बाहर निकला, सुमन का एक हाथ अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे नदी की ओर खींचने लगा. इस दौरान अपने दूसरे हाथ से सुमन ने दरांती से मगरमच्छ की आंख पर वार किया. पास में मौजूद उसकी चाची ने भी तुरंत दरांती से मगरमच्छ की आंखों पर कई जोरदार वार किए. मगरमच्छ घायल होकर युवती का हाथ छोड़कर नदी में वापस चला गया.
अलीगढ़ में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां के अतरौली कोतवाली क्षेत्र के रायपुर स्टेशन के निकट काली नदी के पास पशुओं के लिए सुमन नाम की 18 वर्षीय युवती और उसकी चाची चारा काट रही थीं . इसी दौरान पहले से घात लगाए एक मगरमच्छ ने सुमन पर हमला कर दिया. मगरमच्छ उसे दबोचकर गहरे पानी में खींच ले गया. इस खौफनाक मंजर को देख गांव में चीख-पुकार मच गई और सैकड़ों की भीड़ लाठी-डंडे लेकर तालाब की ओर दौड़ पड़ी.
युवती को नदी की ओर खींच ले गया मगरमच्छ
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुमन अपनी चाची के साथ मवेशियों के लिए चारा काट रही थीं. अचानक काली नदी से करीब 5 फीट लंबा मगरमच्छ बाहर निकला, सुमन का एक हाथ अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे नदी की ओर खींचने लगा. सुमन ने शोर मचाया और अपने दूसरे हाथ से दरांती से मगरमच्छ की आंख पर वार करना शुरू कर दिया.
चारी ने मगरमच्छ की आंख फोड़ बचाई भतीजी की जान
उसकी चाची द्रोपा देवी पास में ही थीं. उन्होंने भी तुरंत दरांती से मगरमच्छ की आंखों पर कई जोरदार वार किए. मगरमच्छ घायल होकर युवती का हाथ छोड़कर नदी में वापस चला गया. इस दौरान सुमन के दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए. हालांकि, उसकी जान बच गई. गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल भर्ती कराया गया है.
मगरमच्छ के हमले के बाद इलाके में दहशत
फिलहाल, इलाके में दहशत का माहौल है. वन विभाग की टीम को सूचित कर दिया गया है.अतरौली सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनेंद्र यादव के अनुसार युवती के हाथों दाहिने में गंभीर चोटें हैं. प्राथमिक उपचार के बाद दीनदयाल अस्पताल अलीगढ़ रेफर किया गया. हालांकि, उसकी जान खतरे से बाहर है. लेकिन उसके गंभीर चोटों का इलाज चल रहा है. क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. लोदग युवती की चाची की साहस को जमकर सलाम कर रहे हैं.
