मनीष सिंह हत्याकांड: बनारस में सुभासपा ने बीजेपी MLA के खिलाफ खोला मोर्चा, कहा- इस बार जीतने नहीं देंगे
वाराणसी में युवा कारोबारी मनीष सिंह हत्याकांड मामला तूल पकड़े हुए है. हत्याकांड विरोध में जलूस निकाले जाने को लेकर पुलिस अलर्ट है, घमहापुर की सीमा सील कर दी गई. इस बीच सुभासपा ने अपने सक्रिय कार्यकर्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने पर पिंडरा से बीजेपी विधायक के ख़िलाफ मोर्चा खोल दिया है.
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल की रात एक युवना कारोबारी मनीष सिंह की मामूली विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस घटना में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है. इस हत्याकांड ने इलाके में जातीय तनाव पैदा कर दिया है, जिसपर सुभासपा हमलावर है.
फूलपुर थाना के घमहापुर गांव में हुई इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है. घमहापुर की सीमा सील कर दी गई. इस बीच सुभासपा ने अपने सक्रिय कार्यकर्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने पर पिंडरा से बीजेपी विधायक के ख़िलाफ मोर्चा खोल दिया है. सुभासपा का आरोप है कि बीजेपी विधायक के दबाव में पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गई है.
BJP विधायक के खिलाफ क्यों खोला मोर्चा?
सुभासपा ने बीजेपी विधायक अवधेश सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. साथ ही अपने कार्यकर्ता पर दर्ज मुकदमे की वापसी की मांग को लेकर पार्टी विरोध प्रदर्शन कर रही है. साथ ही पार्टी ने बीजेपी विधायक अवधेश सिंह के खिलाफ नारे लगाए और 2027 के चुनाव में उन्हें पिंडरा से हराने का संकल्प लिया है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है.
घमहापुर में हुए मनीष सिंह हत्याकांड मामले में सुभासपा कार्यकर्ता अक्षय राजभर ने सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट लिखा था .उस मामले में पुलिस ने फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है. इस मुकदमे के ख़िलाफ ही सुभासपा कार्यकर्ता लामबंद हो रहे हैं. पार्टी का कहना है कि पिंडरा विधायक ने मुकदमा करवाया है, इस बार उन्हें जीतने नही देंगे.
‘मोदी-योगी से बैर नहीं, अवधेश तुम्हारी खैर नहीं’
सुभासपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रूद्र राजन राजभर और जिलाध्यक्ष उमेश राजभर के नेतृत्व में सुभासपा के सैकड़ों कार्यकर्ता वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारियों से मिलकर अक्षय राजभर के ख़िलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की. रूद्र राजन राजभर ने कहा कि ये सब कुछ पुलिस ने बीजेपी विधायक अवधेश सिंह के दबाव में की है.
लिहाजा, सुभासपा कार्यकर्ताओं ने ये तय किया है कि किसी भी कीमत पर अवधेश सिंह को पिंडरा से चुनाव नहीं जीतने देंगे. सुभासपा कार्यकर्ताओं ने पिंडरा विधानसभा में ये नारा लगाया है कि ‘मोदी-योगी से बैर नही, अवधेश सिंह तुम्हारी खैर नहीं’. सुभासपा के जिलाध्यक्ष उमेश राजभर ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से राजभरों के ख़िलाफ अपराध में वृद्धि हुई है.
अब तक 15 आरोपियों को किया जा चुका गिरफ्तार
मनीष हत्याकांड में 50 हजार के इनामी आरोपियों को शरण देने वाले चार अन्य को फूलपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया. एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. 50-50 हजार के इनामी तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और फूलपुर पुलिस दबिश दे रही है.
