नॉनवेज खाने का विरोध कर रही थी पत्नी, गुस्से में पति ने पीट-पीटकर मार डाला

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला की मौत हो गई. उसके मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, पति नॉनवेज और शराब का शौकीन था, जिसका महिला विरोध करती थी. इसी बात पर हुए विवाद में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है.

नॉनवेज का विरोध करने पर पत्नी की हत्या

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. महिला के मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामला अलीगढ़ के पालीमुकीमपुर थाना क्षेत्र में तोछी गांव का है.

महिला के परिजनों ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पति नॉनवेज और शराब का शौकीन था. जबकि महिला इसका विरोध करती थी. इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था. परिजनों के मुताबिक इसी विवाद में पति ने अपने परिवारों के साथ मिलकर महिला के साथ मारपीट की और गंभीर हालत में दीनदयाल अस्पताल में भर्ती करा दिया था. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

परिवार में मचा कोहराम

महिला की मौत की सूचना से उसके घर में कोहराम मच गया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला के बेटे का एक दिन पहले ही बर्थडे था. इस मौके पर उसके पति और ने घर में नॉनवेज और शराब पार्टी की थी. वहीं जब महिला ने विरोध किया ते लोगों ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की. इससे उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए कार्रवाई की मांग की है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

परिजनों के मुताबिक महिला की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसके साथ मारपीट की गई और इसी मारपीट के कारण उसकी जान चली गई. हालांकि पुलिस अभी इस संबंध में कुछ भी कहने के बजाय पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. पुलिस के मुताबिक फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की हर संभावित एंगल से जांच कराई जा रही है. इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

Follow Us