नाबालिग को अगवा कर गैंगरेप, विरोध पर पूरे शरीर में गड़ाए दांत; ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों दरिंदे
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घर से सब्जी लेने निकली पीड़िता को अगवा कर जबरन शराब पिलाकर दो दरिंदों ने हैवानियत की. उसके शरीर पर दांत काटने के निशान भी मिले हैं. सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक नाबालिग लडकी को अगवा कर गैंगरेप का मामला सामने आया है. यहां छर्रा थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाली पीड़ित बच्ची सब्जी खरीदने निकली थी. रास्ते में दरिंदों ने बहला-फुसलाकर उसे अगवा कर लिया. फिर उसे घर से 4 किलोमीटर दूर एक सुनसान मकान में ले गए, जहां जबरन शराब पिलाकर उसके साथ हैवानियत को अंजाम दिया. इस वारदात में पीड़िता बुरी तरह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई. जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया.
सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने अस्पताल में ही पीड़िता से पूछताछ की और फिर घेराबंदी कर दोनों दरिंदों को दबोच लिया. इधर, घटना के बाद से ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पीड़िता मुस्लिम समाज से संबंध रखती है और अभी महज 16 साल की है. परिजनों का आरोप है कि दरिंदों ने उनकी बेटी को एक सूनसान मकान में ले जाकर जबरन शराब पिलाया और उसके साथ गैंगरेप किया है.
शरीर पर मिले दांत काटने के निशान
पुलिस के मुताबिक मकान की दूसरी मंजिल पर दोनों दरिंदों ने इस वारदात को अंजाम दिया था. दोनों दरिंदों ने पीड़िता के साथ बलपूर्वक रेप किया. इस दौरान पीड़िता ने खुद को बचाने की खूब कोशिश की, लेकिन आरोपियों की मारपीट की वजह से उसकी एक ना चली. यहां तक कि आरोपियों ने पीड़िता के होंठ, चेहरे, गर्दन समेत पूरे शरीर पर जगह जगह दांतों से काट लिया. उसके शरीर पर दांतों के गहरे जख्म के निशान मिले हैं.
गांव वालों को देख छत से कूद कर भागे आरोपी
वारदात के दौरान गांव वालों को भनक लग गई. लोग वहां पहुंचे और पुलिस को फोन कर दिया. इधर, आरोपियों ने पुलिस की गाड़ियों में लगे सायरन की आवाज सुनी तो हड़बड़ी में छत से कूद कर भागने लगे. जिन्हें पुलिस ने गांव वालों की मदद से दबोच लिया है. इस दौरान गांव वालों ने पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों की पिटाई की. हालांकि पुलिस ने आरोपियों को छुड़ा कर थाने पहुंचाया है.
आरोपियों के मां-बाप ने मांगी माफी
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए दोनों दरिंदों की पहचान किशन गोपाल वाल्मीकि और संजू वाल्मीकि के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर इनके मां-बाप भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से माफी मांगी. आरोपियों के मां-बाप पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते नजर आए. इस दौरान गांव वालों ने दोनों दरिंदों के लिए फांसी की मांग की. सीओ अविनेश कुमार के मुताबिक पोक्सो एक्ट में FIR दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है.
