Insta पर की दोस्ती, फिर धर्मांतरण का दबाव; अलीगढ़ में छात्रा को ब्लैकमेल करने वाला अरेस्ट
अलीगढ़ में इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर एक छात्रा को धर्मांतरण और ब्लैकमेल का शिकार बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने सोनू चौधरी बनकर छात्रा से दोस्ती की और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया, न मानने पर तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी. पुलिस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर एक छात्रा से दोस्ती करने और झांसे में लेकर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है. आरोपी करीब एक साल से पीड़िता के संपर्क में था. पीड़ित लड़की की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है. मामला अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र का है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम पर आरोपी ने फर्जी नाम से आईडी बनाई थी. करीब एक साल पहले उसने रिक्वेस्ट भेजकर उससे दोस्ती कर ली. एक साल तक बातचीत के बाद जब दोनों की मुलाकात हुई तो आरोपी की असली पहचान सामने आ गई. इसके बाद आरोपी ने ना केवल उससे दूरी बनानी शुरू कर दी, बल्कि छात्रा पर धर्म परिवर्तन कर शादी के लिए भी दबाव बनाया.
तस्वीरें वायरल करने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि धर्मांतरण ना करने पर आरोपी ने सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी. पुलिस के मुताबिक पीड़िता और उसके परिजनों की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से एक फर्जी आधार कार्ड भी बरामद हुआ है. अब पुलिस उसके सोशल मीडिया एकाउंट को भी खंगाल रही है. पीड़िता ने बताया कि वह मूल रूप से मथुरा की रहने वाली है. यहां वह इगलास थाना क्षेत्र स्थित अपनी ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही है.
दो महीने पहले हुई मुलाकात
पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने इंस्टाग्राम पर सोनू चौधरी के नाम से आईडी बना रखी थी. इसी फर्जी पहचान के जरिए उसने छात्रा से बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ता गया. शुरुआत में छात्रा को युवक की असली पहचान की जानकारी नहीं थी, लेकिन जून महीने में दोनों की अलीगढ़ के एक होटल में मुलाकात हुई. इस दौरान आरोपी ने छात्रा के साथ फोटो भी खिंचाई. बाद में छात्रा को जानकारी हुई कि जिस व्यक्ति से वह सोनू चौधरी समझकर बात कर रही थी, उसकी असली पहचान मोहम्मद राशिद के रूप में है.
ऐसे अरेस्ट हुआ आरोपी
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए रणनीति बनाई. छात्रा के जरिए ही आरोपी को मिलने के बहाने बुलाया गया. वहीं जैसे आरोपी बताए गए स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद पुलिस ने उसे दबोच लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहम्मद राशिद मूल रूप से बिहार के गोपालगंज में थाना परसौनी क्षेत्र का रहने वाला है. वह वर्तमान में नई दिल्ली के शाहदरा स्थित दिलशाद गार्डन इलाके में रह रहा था. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है.
