IPS आशुतोष मिश्रा की मां की मौत पर उठे सवाल, मुंह में तौलिया मिलने का दावा; पोस्टमार्टम में नहीं खुला राज

अंबेडकरनगर में IPS आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. उनके घर में लूटपाट की भी आशंका जताई जा रही है. परिजनों ने हत्या के बाद लूटपाट के आरोप लगाए हैं. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. विसरा जांच के लिए संरक्षित किया गया है.

IPS आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध मौत से हड़कंप

अंबेडकरनगर से IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है. मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धवरुआ गांव में घर के अंदर उनकी मां इंद्रावती का शव मिला. परिजनों ने हत्या और घर में लूटपाट का आरोप लगाया है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फिलहाल मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है.

जानकारी के मुताबिक, IPS की बुजुर्ग मां घर में अकेली रहती थीं. उनके पति रामकुमार मिश्रा राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य रह चुके थे और करीब डेढ़ साल पहले उनका निधन हो गया था. उनकी देखभाल के लिए एक महिला को रखा गया था. महिला को ही रविवार सुबह करीब नौ बजे IPS की बुजुर्ग मां को सबसे पहले तख्त पर पड़ी मिलीं.

मुंह में तौलिया, शरीर से सोने की चेन तक गायब

बाताया जा रहा है कि महिला जब देखभाल के घर पहुंची, तो 95 वर्षिय इंद्रावती बेसुद्ध पड़ी थीं. आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, जिसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. अयोध्या रेंज के आईजी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.

वहीं, IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा जब घर पहुंचे तो मामला मौत के साथ लूट-पाट का भी निकलकर सामने आया. IPS की बुजुर्ग मां के गले से सोने की चेन, तुलसी की माला, नाक की कील, कान बाली और पैरों की पायल तक गायब थे. इसके अलावा, परिजनों का दावा है कि शव के मुंह में तौलिया भरा हुआ था. हालांकि इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम में नहीं खुला मौत का राज

पुलिस के मुताबिक, महिला के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं. तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी. काज ऑफ डेथ को लेकर बिसरा प्रिजर्व किया गया है. वहीं हार्ट अटैक की संभावना की जांच के लिए हृदय को भी परीक्षण के लिए भेजा जाएगा.

अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, मोबाइल फोन और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.

2016 बैच के IPS अधिकारी हैं आशुतोष मिश्रा

IPS आशुतोष मिश्रा वर्तमान में पुलिस मुख्यालय लखनऊ में SP के पद पर तैनात हैं. वह 2016 बैच के IPS अधिकारी हैं और राज्य पुलिस सेवा से प्रमोट होकर IPS बने हैं. उनकी सेवा की शुरुआत 20 मई 1998 को पुलिस सेवा (PPS) में हुई थी. घटने से एक दिन पहले ही वह रात में मां को छोड़ कर लखनऊ के लिए निकले थे. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Follow Us