प्रापर्टी बेचकर दारू पी रहा था ससुर, बहू ने टोका तो पीट-पीटकर ले ली जान; फिर खुद पहुंचा थाने
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में ससुर ने अपनी बहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी. मामला इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र का है, जहां संपत्ति बेचने और शराब पीने को लेकर हुए विवाद में ससुर श्रीपति वर्मा ने बहू निशा वर्मा को मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद आरोपी ससुर ने खुद थाने में सरेंडर कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है, निशा के दो छोटे बच्चे हैं.
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक ससुर ने मामूली विवाद में अपनी ही बहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ससुर खुद थाने पहुंच गया. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस संबंध में परिवार वालों से भी पूछताछ की जा रही है.
मामला अंबेडकर नगर में इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर का है. पुलिस के मुताबिक गौहनिया रसूलपुर गांव में रहने वाली निशा वर्मा की शादी रोहित वर्मा के साथ हुई थी. परिजनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि रोहित के पिता श्रीपति वर्मा अपनी प्रापर्टी बेचकर दारू में उड़ रहे थे. इसी बात पर बुधवार की दोपहर निशा ने उन्हें टोक दिया. इसी बात पर देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि श्रीपति वर्मा ने पास में पड़े डंडे से हमला कर दिया.
एक ही वार में गिर पड़ी महिला
आरोपी ने पुलिस ने को बताया कि उसने पहला वार बहू के सिर पर किया. इससे एक ही वार में वह जमीन पर गिर गई. इसके बाद उसने ताबड़तोड़ कई और वार किए. इससे उसका सिर फट गया और काफी खून बह गया. इसकी वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. निशा के दो बच्चे हैं, एक की उम्र सात साल और दूसरे की चार साल है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पिता ने दी तहरीर
निशा के पिता राजमणि वर्मा ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि निशा के ससुर श्रीपति वर्मा अपनी पुस्तैनी जमीन लगातार बेचते जा रहे थे. इससे मिलने वाला पैसा वह शराब में उड़ा रहे थे. इसी बात को लेकर घर में अनबन चल रही थी. बुधवार को भी इसी बात पर दोनों में कहासुनी हुई. इसके बाद आरोपी ससुर ने निशा के ऊपर हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई.
