फिर कौन है कातिल? अंबेडकरनगर में जिस मां पर लगा 4 बच्चों की हत्या का आरोप, अब नाले में मिली उसकी लाश

अंबेडकरनगर में चार बच्चों की निर्मम हत्या के मामले में बड़ा मोड़ आया है. जिस मां को आरोपी बताया जा रहा था और जो घटना के बाद से लापता थी, उसका शव अब नाले में मिला है. इससे पुलिस की जांच और भी उलझ गई है. पुलिस अब हत्या और मां की मौत दोनों की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.

अंबेडकरनगर में चार बच्चों के हत्याकांड में बड़ा मोड़

अंबेडकरनगर में चा मासूम बच्चों की निर्मम हत्या के मामले में रविवार को नया मोड़ आ गया है. जिस मां को आरोपी बताया जा रहा था, उसका शव अब नाले में मिला है. इससे पुलिस की जांच और भी उलझ गई है. एक दिन पहले घर में चार बच्चों की लाश पाई गई थी. उस घर में उन बच्चों के अलावा सिर्फ उसकी मां थी, जो घटना के बाद से लापता हो गई थी.

दरअसल, शनिवार को अकबरपुर कोतवाली के मीरानपुर में एक घर के अंदर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ मिले थे. शुरुआती जांच में ईंट और हथौड़े से हमला कर हत्या की बात सामने आई थी. बच्चों की मां गासिया खातून के लापता होने से उस पर शक गहराया था. लेकिन अब आरोपी मां की लाश मिलने से मर्डर की गुत्थी और उलझ गई है.

घटनास्थल से 100 मीटर दूर नाले में मिली लाश

जानकारी के मुताबिक, आरोपी मां गासिया खातून घटना से बाद से गायब थी, उसका फोन भी बंद आ रहा है. पुलिस ने तलाशी के ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें महिला की लाश घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर एक नाले में मिली. जिससे यह हत्याकांड एक रहस्यमय मोड़ पर पहुंच गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

इस बीच रविवार दोपहर करीब एक बजे जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद चारों मासूम बच्चों के शव गांव पहुंचे, पूरे इलाके में चीख-पुकार गूंज उठी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव का माहौल शोक में डूब गया. हर कोई बच्चों के अंतिम दर्शन के लिए घर के बाहर जमा हो गया. लोगों की भीड़ देर तक बनी रही और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा.

जोहर की नमाज के बाद बच्चों का अंतिम संस्कार

जानकारी के मुताबिक, जोहर की नमाज के बाद चारों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया. एक साथ चार जनाजे उठने का दृश्य हर किसी को अंदर तक झकझोर गया. गांव के कब्रिस्तान में सऊद (12) और उमर (10) को एक साथ दफन किया गया, जबकि शफीक (14) और बयान (8) को पास में ही अलग-अलग सुपुर्द-ए-खाक किया गया.

Follow Us