यूपी चुनाव से पहले OP राजभर को बड़ा झटका! SBSP के प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी छोड़ी, VIP में हुए शामिल

सहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रदेश अध्यक्ष और ओम प्रकाश राजभर के करीबी माने जाने वाले प्रेम चंद्र कश्यप ने पार्टी छोड़कर वीआईपी VIP पार्टी जॉइन कर ली है. यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले यह ओम प्रकाश राजभर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

SBSP के अध्यक्ष ओपी राजभर और प्रेमचंद्र कश्यप (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है. सहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रदेश अध्यक्ष ने ओम प्रकाश राजभर का दामन छोड़ दिया है. वह राजभर के करीबी माने जाते थे, उन्होंने अब मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) में शामिल हो गए हैं. यूपी विधानसभा से पहले यह ओपी राजभर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब लोकसभा चुनाव के बाद सभी राजनीतिक दल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं. प्रेम चंद्र कश्यप उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर की SBSP से लंबे समय तक जुड़े रहे. प्रेम चंद्र कश्यप के VIP पार्टी में शामिल होने को राजनीतिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है.

मुकेश सहनी की अगुवाई में VIP में हुए शामिल

प्रेम चंद्र कश्यप ने बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की अगुवाई वाली वीआईपी पार्टी का दामन थामा. इसी मौके पर अच्छे लाल निषाद ने भी वीआईपी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. अच्छे लाल निषाद पूर्व मंत्री रह चुके हैं और जन अधिकारी पार्टी से जुड़े हुए थे. मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी उत्तर प्रदेश में अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिशों में जुटी हुई है.

मुकेश सहनी यूपी में अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं. पिछड़े और अति पिछड़े वोट बैंक, खासकर निषाद, कश्यप, मल्लाह और साहनी समुदायों को साधने की रणनीति के तहत यह काफी मायने रखती है. SBSP से कश्यप का जाना ओम प्रकाश राजभर के लिए भी एक झटका माना जा रहा है, क्योंकि वे प्रदेश स्तर पर पार्टी की कमान संभाल रहे थे.

VIP ज्वाइन करने के बाद क्या बोले प्रेमचंद कश्यप?

प्रेमचंद कश्यप ने वीआईपी ज्वाइन करने के बाद कहा कि ओम प्रकाश राजभर से प्रभावित होकर पार्टी में काम किया, पिछड़ों, दलितों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया था, लेकिन वे खरे नहीं उतरे. यही कारण है कि आज उन्होंने उस पार्टी से इस्तीफा दिया और वीआईपी की सदस्यता ग्रहण की. अब वो निषाद, कश्यप आरक्षण की लड़ाई के लिए संघर्ष करेंगे.

‘समाज अपने लीडर के साथ रहेगा, लोडर के साथ नहीं’

‎वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि समाज अब अपने लीडर के साथ रहेगा न कि किसी लोडर के साथ. उन्होंने संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अब समाज की भलाई नहीं चाहते, बल्कि बीजेपी को सत्ता में लाना चाहते हैं और अपने परिवार को सेट करना चाहते हैं. ऐसा नहीं है तो निषाद को आरक्षण दिलवा दें, मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा.

SBSP ने प्रेमचंद कश्यप को पार्टी से किया निष्कासित

प्रेमचंद कश्यप के VIP में शामिल होने बाद सुभासपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है. सुभासपा का कहना है कि उनके खिलाफ पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं. मामले की आंतरिक जांच के बाद निष्कासन का निर्णय लिया गया. SBSP का कहना है कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है, जो इसके अनुरूप कार्य नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

Follow Us