माता भई कुमाता! गहने बेच दी बेटे की सुपारी, पिता के कहने पर भाई ने कराया मर्डर; दिल दहला देगी कहानी
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही बेटे को मरवाने के लिए गहने बेचकर सुपारी किलर को पैसे दिए. बेटे के नशे और घरेलू कलह से तंग आकर पिता व छोटे भाई के साथ मिलकर पूरे परिवार ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया. यह घटना 'कुमाता न भवति' की कहावत को झूठा साबित करती है.
यदि आप सनातन धर्म में रुचि रखते हैं तो एक मंत्र- ‘कुपुत्रो जायेत क्वचिदपि कुमाता न भवति’ आपने जरूर सुना होगा. दुर्गा सप्तशती में दुर्गा क्षमा प्रार्थना के इस मंत्र का अर्थ है कि पूत भले ही कुपूत हो जाए, माता कभी कुमाता नहीं होती. लेकिन उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक ऐसी घटना हुई है, जिसने इस मंत्र को भी झूठा करार दिया है. यहां एक मां ने अपने गहने-जेवर बेच कर उसी पैसे से अपने ही बेटे की सुपारी दे दी. यही नहीं, इस महिला के पति ने छोटे बेटे को बोलकर सुपारी किलर हॉयर किया और पूरे परिवार ने एक साजिश के तहत बड़े बेटे को मौत के घाट उतार दिया.
मामला यूपी के अमरोहा में हिडौली कोतवाली क्षेत्र का है. यहां फरीदपुर गांव में घरेलू कलह से तंग एक परिवार में रिश्तों के कत्ल की दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है. यहां पूरे परिवार ने मिलकर साजिश रची और अपने ही बड़े बेटे की हत्या करा दी. इसके लिए युवक की मां ने सुपारी देने के लिए जहां गहने बेचकर रकम का इंतजाम किया, वहीं पिता और छोटे भाई ने वारदात के लिए पूरी फील्डिंग की. इसके बाद युवक के सिर पर पेचकस और ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या की गई.
खुलासे पर मचा हड़कंप
शनिवार को युवक का शव मध्य गंगा नहर में पड़ा मिला. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पहचान फरीदपुर निवासी दुष्यंत पुत्र पीतम सिंह के रूप में कराई और संदेह के आधार पर युवक के पिता और छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पहले तो दोनों ने अनभिज्ञता जताई, फिर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सख्ती की तो दोनों टूट गए और वारदात को कबूल लिया. फिर आरोपियों ने पुलिस के सामने वारदात की पूरी कहानी बयां कर दी.
ऐसे रची साजिश
आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि दुष्यंत नशे का आदी था और आए दिन झगड़े फसाद करता था. इन्हीं झगड़ों के चक्कर में पैत्रिक जमीन का काफी हिस्सा तक बिक गया. इससे परेशान पूरे परिवार ने मिलकर वारदात की साजिश रची और शुक्रवार की रात रिश्तेदारी से लौटते समय रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया और चुपचाप घर आकर सो गए थे.
पांच लाख में हुआ जान का सौदा
आरोपियों ने बताया कि इस वारदात के लिए सुपारी किलर जोली को हत्या के लिए पांच लाख रुपये में हॉयर किया था. इसमें से 55 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, वहीं बाकी के 4 लाख 45 हजार रुपये वारदात के बाद दिया जाना था. इसके लिए रुपयों की व्यवस्था युवक की मां ने अपने जेवर बेचकर की थी. पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए युवक की मां, पिता, भाई और पेशेवर सुपारी किलर जोली को अरेस्ट कर लिया है.
