‘साहब! मैं बेगुनाह हूं…’, Video में सुनाई जुल्म की दास्तां, फिर यमुना नदी में कूद गया लोकेंद्र
उत्तर प्रदेश के जालौन में झूठे छेड़खानी के आरोप और पुलिस प्रताड़ना से तंग 20 वर्षीय लोकेंद्र ने यमुना में कूदकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड से पहले उसने एक वायरल वीडियो में अपने दर्द और पुलिस पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है और परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के जालौन में एक सनसनीखेज घटना हुई है. यहां झूठे मुकदमे और पुलिस के उत्पीड़न से परेशान होकर एक युवक ने यमुना में कूदकर सुसाइड कर लिया है. सुसाइड से पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिया. यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में युवक ने अपना सारा दर्द बयां किया है. मामला जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर का है.
जानकारी के मुताबिक यहां रहने वाले 20 वर्षीय लोकेंद्र का शव रविवार की सुबह कालपी कोतवाली क्षेत्र में यमुना पुल के पास नदी में मिला है. सूचना मिलने पर पहुंची कालपी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मौके पर पहुंचे युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इसी बीच युवक का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो युवक के सुसाइड से ठीक पहले का है.
ये है मामला
यहां रहने वाली एक महिला ने दो दिन पहले लोकेंद्र के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले में कदौरा थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उसका चालान किया था. हवालात से मुचलके पर छूटकर घर लौटने के बाद से ही लोकेंद्र मानसिक तनाव में रहने लगा था. उसने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को झूठा बताते हुए पुलिस और महिला पर गंभीर आरोप लगाए थे. युवक ने अपने वीडियो में पूरा दर्द बयां किया है. कहा कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया है.उसने पुलिस पर थाने में मारपीट का भी आरोप लगाया.
वायरल वीडियो पर हड़कंप
जानकारी के मुताबिक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. पुलिस उसकी तलाश में जुट गई, तभी उसका शव नदी में मिला. प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि शव करीब तीन दिन पुराना लग रहा है. उधर, युवक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
