सड़क पर बुजुर्ग को घेरकर पीटा, मोबाइल छीना… जांच हुई तो बहू निकली हमले की मास्टरमाइंड

औरैया में पारिवारिक विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पूराने विवाद में एक महिला पर अपने ससुर पर हमला कराने की साजिश रचने का आरोप लगा है. पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

औरैया में बहू ने ससुर पर कराया हमला

औरैया में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने ऐसा खतरनाक मोड़ लिया कि ससुर को रास्ते में रोककर पीटा गया और उनका मोबाइल छीन लिया गया. हैरानी की बात ये है कि इस पूरी वारदात के पीछे कोई पेशेवर गैंग नहीं, बल्कि परिवार से जुड़ा विवाद निकला. पुलिस ने मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पूरा मामला दिबियापुर थाना क्षेत्र का है. अजय कुमार पाण्डेय, जो चकबंदी विभाग में अनुदेशक के पद पर तैनात हैं, 22 जून की शाम ककोर मुख्यालय से डाक लेकर बिधूना कार्यालय जा रहे थे. तभी रामगढ़-दिबियापुर मार्ग पर गुलरिया गांव के पास उनकी बाइक को अचानक रोक लिया गया. उनके साथ मारपीट की गई और उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया.

टाटा हैरियर कार सवार दो लोगों ने की मारपीट

बताया जा रहा है कि काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें घेर लिया. तभी पीछे से एक टाटा हैरियर कार भी पहुंची, जिसमें दो अन्य लोग सवार थे. चारों ने मिलकर अजय कुमार पाण्डेय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई और उनका मोबाइल फोन छीनकर आरोपी फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही दिबियापुर पुलिस हरकत में आ गई. एसपी औरैया अभिषेक भारती के निर्देश पर स्वाट, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. पुलिस ने गौरव यादव, योगेंद्र यादव और प्रदीप यादव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पीड़ित का मोबाइल, एक पल्सर बाइक और वारदात में इस्तेमाल टाटा हैरियर कार बरामद की.

पूछताछ में आरोपी ने किया हैरान करने वाला खुलासा

पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया. आरोपियों ने बताया कि वे इटावा की एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं. उसी कंपनी में काम करने वाली एक महिला सहकर्मी ने उनसे अजय पाण्डेय को सबक सिखाने को कहा था. महिला के पति की पांच साल पहले मौत हो चुकी थी और उसका अपने ससुर अजय कुमार पाण्डेय से विवाद था.

ससुर के साथ बहू का गुजारा भत्ते को लेकर विवाद चल रहा था.इसी पारिवारिक रंजिश के चलते पूरी साजिश रची गई. पहले मारपीट और फिर मोबाइल छीनना, ताकि पीड़ित तुरंत किसी को फोन न कर सके. यानि पारिवारिक विवाद बदले की ऐसी आग में बदला, जिसने सड़क पर हमला करा दिया. फिलहाल पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है.

Follow Us